बजट चर्चा में अधिकारियों की अनुपस्थिति पर विधानसभा अध्यक्ष सख्त
अंतिम चेतावनी, अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई की चेतावनी

मुंबई/दि.11 – राज्य विधानसभा में बजट पर चल रही चर्चा के दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की अनुपस्थिति का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा. इस पर विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेेकर ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि महत्वपूर्ण चर्चा के समय अधिकारी उपस्थित नहीं रहे तो सदन को उनके खिलाफ कार्रवाई करने का अधिकार है.
मंगलवार को बजट चर्चा के दौरान सदन में केवल चार मंत्री ही मौजूद थे, जबकि पदाधिकारियों की गैलरी लगभग खाली दिखाई दी. इस पर आपत्ति जताते हुए विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि बजट सदन का सबसे महत्वपूर्ण विषय होता है. ऐसे समय मुख्य सचिव, वित्त सचिव और योजना सचिव जैसे वरिष्ठ अधिकारियों का गैलरी में उपस्थित रहना जरूरी है, ताकि सदस्यों द्वारा रखे गए सुझावों और मुद्दों पर प्रशासन तुरंत ध्यान दे सके. विधानसभा अध्यक्ष नार्वेकर ने कहा कि अधिकारियों की उपस्थिति को लेकर प्रशासन को पहले ही पत्र के माध्यम से सूचित किया जा चुका है. इसके बावजूद अधिकारी अनुपस्थित पाए गए, जो गंभीर विषय है. उन्होंने प्रशासन को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि आगे यदि अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी या अन्य वरिष्ठ अधिकारी ऐसी महत्वपूर्ण चर्चाओं के दौरान गैलरी में उपस्थित नहीं होंगे, तो सदन उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकता है. गौरतलब है कि हाल के सत्रों में भी कई बार यह शिकायत सामने आई है कि मंत्रियों द्वारा ब्रीफिंग के लिए बुलाने के बावजूद कई अधिकारी समय पर नहीं पहुंचते, जिससे सदन की कार्यवाही प्रभावित होती है.





