बडनेरा-नाशिक मेमू की अवधि 15 जुलाई तक बढी
संत नगरी शेगांव, पवित्र नगरी नाशिक तक एक ही दिन में पहुंचेगी ट्रेन

अमरावती/दि.21- जिले के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. सेंट्रल रेलवे ने बडनेरा-नासिक रोड मेमू सहित विशेष ट्रेनों का संचालन तय किया है, जिससे यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी.
* बडनेरा-नासिक रोड मेमू बनी पसंदीदा ट्रेन
जिले के यात्रियों के लिए बडनेरा-नासिक रोड मेमू सबसे सुविधाजनक ट्रेन मानी जाती है. यह ट्रेन सुबह 10:05 बजे बडनेरा से रवाना होकर दोपहर 2:12 बजे शेगांव पहुंचती है, जिससे संत गजानन महाराज के दर्शन के लिए यह उपयुक्त विकल्प है. साथ ही भुसावल और नासिक जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह ट्रेन काफी उपयोगी है, जिसके चलते इसमें हमेशा अच्छी खासी भीड़ रहती है. रेलवे ने 15 अप्रैल से 15 जुलाई तक तीन माह की अवधि में इस मेमू की कुल 184 फेरियां निर्धारित की हैं.
* समर स्पेशल मेमू का समय
ट्रेन नंबर 01211 बडनेरा-नासिक रोड समर स्पेशल मेमू प्रतिदिन सुबह 10:05 बजे बडनेरा से रवाना होकर रात 8:05 बजे नासिक रोड पहुंचेगी. वहीं ट्रेन नंबर 01212 नासिक रोड-बडनेरा मेमू रात 9:15 बजे नासिक रोड से चलकर सुबह 4:35 बजे बडनेरा पहुंचेगी. यह ट्रेन मार्ग में मुर्तिजापुर, बोरगांव, अकोला, शेगांव, नंदुरा, मलकापुर, बोडवाड, भुसावल, जलगांव, पचोरा, चालीसगांव, नांदगांव, मनमाड, लासलगांव और निफाड सहित प्रमुख स्टेशनों पर स्टॉपेज लेगी.
* अमरावती से भी मिलती है सुविधा
यह मेमू अमरावती से सुबह 9:30 बजे बडनेरा के लिए रवाना होती है. बडनेरा पहुंचकर इसकी साफ-सफाई और रखरखाव किया जाता है, जिसके बाद यह 10:05 बजे नासिक रोड के लिए आगे बढ़ती है. इस कारण कई यात्री अमरावती से ही टिकट लेकर सीधे इस ट्रेन में सफर करते हैं.
* नागपुर-मडगांव द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने नागपुर-मडगांव-नागपुर के बीच द्विसाप्ताहिक विशेष ट्रेन भी शुरू की है. ट्रेन नंबर 09939, 25 अप्रैल से 15 जुलाई तक प्रत्येक बुधवार और शनिवार को दोपहर 3:05 बजे नागपुर से रवाना होगी और अगले दिन मडगांव पहुंचेगी. यह ट्रेन कुल 27 फेरियां लगाएगी तथा बडनेरा स्टेशन पर भी स्टॉपेज रहेगा. वापसी में ट्रेन नंबर 02140, 6 अप्रैल से 12 जुलाई तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार को शाम 7 बजे मडगांव से रवाना होकर अगले दिन नागपुर पहुंचेगी. यह ट्रेन 26 फेरियां लगाएगी. इन ट्रेनों का स्टॉपेज वर्धा, पुलगांव, धामनगांव, बडनेरा, अकोला, शेगांव, मलकापुर, भुसावल, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण, पनवेल, रोहा, रत्नागिरी सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा. इन विशेष ट्रेनों और मेमूू सेवा से अमरावती जिले के यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है.





