गोंदिया के पास बस दुर्घटनाग्रस्त, एक मृत, चार घायल

बारात लेकर जा रही यह निजी ट्रैवल्स

गोंदिया /दि.13 – गोरेगांव तहसील के पास गुरुवार तड़के एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा गुरुवार 12 मार्च को तड़के करीब 3 बजे ओवरटेक करने के दौरान हुआ. मृतक की पहचान नागपुर के वाडी परिसर निवासी सोनू घनश्याम उईके (27) के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, मोहाड़ी (चोपा) निवासी वरखडे परिवार के सदस्य मध्य प्रदेश के खैरलांजी के पास माखेपार गांव में एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे. वे बुधवार को अविनाश ट्रैवल्स कंपनी की निजी बस क्रमांक एमएच 03- एन -1352 से विवाह समारोह में गए थे. समारोह समाप्त होने के बाद करीब 45 लोग उसी बस से रात में वापस मोहाड़ी की ओर लौट रहे थे. तड़के गोंदिया के पास एक फव्वारे के नजदीक बस चालक ने तरबूज से भरे एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की. इसी दौरान बस चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया और बस सड़क से नीचे उतरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे के बाद बस चालक घबराकर खिड़की से कूदकर मौके से फरार हो गया. घटना के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे. हादसा होते ही बस में अफरा-तफरी मच गई. कुछ यात्रियों ने तुरंत साहस दिखाते हुए खिड़कियों के जरिए बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला. सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया.
इस दुर्घटना में सोनू उईके की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान शओभा उदल पंधारे (70, निवासी कोहमारा), नैतिक शाम सिडाम (14, कोहमारा), नागपुर के वाडी निवासी लक्ष्मी घनश्याम उईके (65) और कवडीटोला निवासी हेमराज चव्हाण (50) के रूप में हुई है. इस मामले में गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है.

Back to top button