साफ-सफाई पर निगरानी की समिति आज
13 सदस्य होंगे, करेंगे सफाई ठेकेदार के कामकाज की निगरानी

* महापौर श्रीचंद तेजवानी ने बताया
अमरावती /दि.11- साफ-सफाई के मुद्दे पर शहरवासियों की तीव्र भावनाओं को देखते हुए महापालिका द्वारा खास आमसभा इसी विषय पर लेने और सभी सदस्य नगरसेवकों द्वारा प्रखरता से विषय मुखरित करने पश्चात सभापति अर्थात मेयर द्वारा समन्वय समिति गठित किये जाने का ऐलान किया गया था. 10 दिनों बाद भी वह समिति गठित नहीं की गई थी. इस विषय में आज महापौर श्रीचंद तेजवानी से अमरावती मंडल ने चर्चा की तो उन्होंने बताया कि, आज ही 13-14 सदस्यों वाली समिति का गठन और घोषणा हो जाएगी.
* सभी गट नेता और सदस्य
श्रीचंद तेजवानी ने बताया कि, समिति में सदन के नेता, प्रतिपक्ष के नेता और सभी गट नेता के अलावा विभिन्न दलों के गट नेता से आये 5 नाम एवं वे स्वयं इस समिति में होंगे. 14 सदस्यीय समिति के नामों की आज ही शाम को घोषणा होने की संभावना है.
* रखेंगी साफ-सफाई पर निगरानी
मनपा की यह समन्वय समिति शहर के साफ-सफाई के कामों की कडी निगरानी करेगी. प्रत्येक प्रभाग और एरिया से लोगों की केवल एक ही शिकायत रही है कि, सफाई सलीके से नहीं होती, गंदगी का आलम बना रहता है. फलस्वरुप बीमारियों का अंदेशा रहता है. बता दें कि, महापालिका ने शहर का समस्त सफाई संबंधित कामों का ठेका कोनार्क कंपनी को दे रखा है. नगरसेवकों ने पहले के समान प्रभाग निहाय ठेके की मांग की थी. उसके पहले ही मनपा प्रशासन ने प्रशासक राज में ठेका जारी किया था और मंजूर किया था. अब महापालिका में जनप्रतिनिधि आ गये हैं. उन्होंने उनकी समन्वय समिति गठित करने का निर्णय किया है. आज समिति का गठन अधिकृत हो जाएगा. अमरावती मंडल ने इस विषय में कुछ गटनेताओं से बात की तो, कबूल किया कि, थोडा विलंब तो हुआ है. किंतु आज से ही सभी प्रभागों में कचरा कलेक्शन और उसे कंपोस्ट डिपो पर पहुंचाने का काम कोनार्क के हवाले कर दिया गया है.





