कंपनी के कामगार साहित्य और गाडी लेकर भाग गये
नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र की घटना

* परप्रांतीय 6 कामगारों पर मामला दर्ज
अमरावती/ दि.1 – नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र की हाईड्रोमेक सिस्टम प्रा. लि. कंपनी को किराए से दिया गया मारोती कैरी वाहन कंपनी में काम करनेवाले परप्रांतीय 6 कामगार वाहन संचालक के साहित्य के साथ लेकर भाग गये. वाहन संचालक मारोती अंबादास इंगोले (49) की शिकायत पर पुलिस ने 6 कामगारों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है. आरोपियों के नाम अमरनाथ कुमार साहनी (26), प्रमोद कुमार साहनी (30), अशोक कुमार साहनी (28), नौशाद अली (25), देवेन्द्र माटो (32) और मनोजकुमार (19) हैं.
जानकारी के मुताबिक हाईड्रोमेक सिस्टम प्रा. लि. मुंबई कंपनी के पास मोर्शी तहसील के निंबी ग्राम निवासी मारोती अंबादास इंगोले ने अपनी गाडी 30 हजार रूपए प्रति माह किराए से दी थी. इस कंपनी के कामगार और साहित्य का नांदगांव पेठ से माहुली जहांगीर आवागमन होता था. काम समाप्त होने के बाद मारोती इंगोले अपनी गाडी गांव न ले जाते हुए नांदगांव पेठ में देशी दारू दुकान के पीछे रहनेवाले कंपनी के कामगारों के यहां ही खडी रखते थे और बस से अपने गांव चले जाते थे. हर दिन की तरह मंगलवार 31 मार्च को मारोती इंगोले कामगारों को ले जाने के लिए नांदगांव पेठ पहुंचे तो उन्हें कोई कामगार घर पर दिखाई नहीं दिया. उन्हें अपनी गाडी भी गायब दिखाई दी. उस गाडी में वेल्डिंग मशीन, केबल व वेल्डिंग के लिए लगनेवाला साहित्य समेत कुल 2 लाख 35 हजार का माल रखा हुआ था. इस कारण मारोती ने कंपनी में फोन कर पूछताछ की तो पता चला कि कोई भी कामगार कंपनी में नहीं पहुंचा है. इन कामगारों को मारोती में फोन किया तो सभी के फोन बंद आ रहे थे. सभी 6 कामगार साहित्य के साथ गाडी चुराकर भागे रहने का पता चलते ही उन्होंने तत्काल नांदगांव पेठ थाने में शिकायत दर्ज की. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.





