धनंजय मुंडे की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
मनोज जरांगे का गंभीर आरोप, मामला मुख्यमंत्री के रिश्तेदार से जुड़ा होने का दावा

बीड/दि.19 – मराठा आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटील ने एक बार फिर बड़ा खुलासा करने का दावा करते हुए राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है. उन्होंने रंजना नागपूरकर नामक महिला के आरोपों का हवाला देते हुए कहा कि एक प्रकरण में अनुकूल निर्णय दिलाने के लिए धनंजय मुंडे को 17 लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन काम नहीं हुआ. जरांगे के अनुसार महिला के पति प्रदीप नागपूरकर पुलिस विभाग में कार्यरत थे और इस पूरे घटनाक्रम के कारण परिवार पर भारी मानसिक दबाव पड़ा. महिला का आरोप है कि इसी तनाव के चलते उनके पति की मृत्यु हुई. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
* मुख्यमंत्री के रिश्तेदार से संबंध होने का दावा
जरांगे ने आरोप लगाया कि यह प्रकरण मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के एक रिश्तेदार से जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि संभव है मुख्यमंत्री को इसकी जानकारी न हो, लेकिन मामला उनके निकट संबंधियों से संबंधित बताया जा रहा है. इसलिए सरकार को संवेदनशीलता के साथ हस्तक्षेप करना चाहिए.
* पिस्तौल दिखाकर धमकाने का आरोप
रंजना नागपूरकर ने यह भी आरोप लगाया कि पति की मृत्यु के बाद जब वे पैसे वापस मांगने पर परली गईं, तब उन्हें मुंडे के सामने ही पिस्तौल दिखाकर धमकाया गया. उनका दावा है कि पैसे लौटाने के बजाय उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया गया. इस पूरे प्रकरण से राज्य की राजनीति गरमा गई है और विभिन्न स्तरों पर स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है. फिलहाल संबंधित पक्षों की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है.





