शहर सहित जिले में बडी धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाई गई ईद
ईद की नमाज अदा करने ईदगाह मैदान में उमड़ा जनसैलाब

* सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर दी ईद की मुबारकबाद
* शीरखुरमे व सेवईयों के आदान-प्रदान का सिलसिला हुआ शुरु
* एक माह की कडी इबादत और पूरे 30 रोजे के बाद जमकर मनी ईद की खुशियां
अमरावती/दि.21- मुस्लिम समाजबंधुओं के पवित्र रमजान महीने के समापन के बाद शहर सहित जिले में ईद-उल-फितर यानि रमजान ईद का पर्व पूरे उत्साह, उल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाया गया. आज सुबह से ही शहर के प्रमुख ईदगाह मैदान सहित विभिन्न मस्जिदों एवं कब्रस्तान मैदानों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां हजारों लोगों ने एक साथ नमाज अदा कर देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी. जिसके उपरांत सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी. इस समय ईदगाह मैदान पर शहर के अनेकों गणमान्यों की भी उपस्थिति रही. जिन्होंने सभी मुस्लिम समाजबंधुओं को गुलाब के फूल देते हुए रमजान ईद की शुभकामनाएं दी और उनका अभिनंदन किया. इन गणमान्यों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों व प्रशासन व पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न राजनीतिक दलों से वास्ता रखनेवाले नेताओं एवं पदाधिकारियों के साथ ही कई सामाजिक कार्यकर्ताओं का समावेश रहा. जिसके चलते रमजान ईद के मौके पर अमरावती शहर में धार्मिक सौहार्द व सामाजिक एकता का अनूठा दृश्य दिखाई दिया.
आज अमरावती शहर में रमजान ईद की मुख्य नमाज सुबह 8:45 बजे ईदगाह मैदान में अदा की गई, जहां पर नमाज की इमामत माहे रमजान के दौरान विशेष तौर पर मुरादाबाद से अमरावती आए प्रख्यात धर्मगुरु मौलाना सईद अख्तर मुरादाबादी ने की, जिन्होंने नमाज के बाद अपने संदेश में इंसानियत, एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया. साथ ही ईद की नमाज अदा करने के बाद ईदगाह मैदान पर उपस्थित हजारों नमाजियों ने हाथ उठाकर देश और दुनिया में अमन, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी. साथ ही साथ मुल्क की तरक्की और खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थना की गई. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद मुबारक कहा. हर वर्ग के लोगों ने आपसी प्रेम और सौहार्द का परिचय देते हुए इस पर्व को मिलजुलकर मनाया.
विशेष उल्लेखनीय है कि, ईदगाह मैदान पर ईद की नमाज को लेकर मस्जिद मिस्किनशहा मियां ट्रस्ट एवं कब्रस्तान कमेटी द्वारा व्यापक तैयारियां की गईं थी, जिसके तहत ईदगाह मैदान की विशेष साफ-सफाई, पेयजल व आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था व नमाजियों के लिए सुव्यवस्थित इंतजाम किए गए थे. इन सभी व्यवस्थाओं के चलते नमाज शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई.
* सेवइयां और शीर खुरमा से महकी रसोई
ईद के मौके पर घर-घर में सेवइयां, शीर खुरमा और अन्य पारंपरिक पकवान बनाए गए. लोगों ने अपने रिश्तेदारों और मित्रों को घर बुलाकर दावत दी और खुशियां साझा कीं.
* चांद रात पर रही शहर के बाजारों में रौनक
ईद से पहले ‘चांद रात’ पर शहर के प्रमुख बाजार राजकमल चौक, गांधी चौक, सराफा बाजार और बुधवारा क्षेत्र सहित जमील कॉलोनी परिसर में ईद के मौके पर साकार किए गए मीना बाजार में देर रात तक चहल-पहल रही. कपड़े, जूते, इत्र और मिठाइयों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही.
* सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
त्योहार के मद्देनजर पुलिस प्रशासन द्वारा शहर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए. प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे ईद का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. नमाज, दुआ, मिठास और मेल-मिलाप के साथ अमरावती में ईद-उल-फितर का पर्व उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. इस अवसर पर शहर में एक बार फिर सामाजिक एकता, भाईचारे और सौहार्द की सुंदर मिसाल देखने को मिली.

* विधायक खोडके दंपति सहित राकांपा नेताओं ने दी ईद की मुबारकबाद
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार गट) के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य संजय खोडके तथा अमरावती की राकांपा विधायक सुलभा खोडके व रायुकां नेता यश खोडके सहित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेताओं व पदाधिकारियों ने आज ईदगाह मैदान पहुंचकर ईद की नमाज अदा करने हेतु उपस्थित हुए नमाजियों के साथ ही सभी मुस्लिम समाजबंधुओं को ईद-उल-फितर की मुबारकबाद दी. इस अवसर पर स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर, पार्षद मनीष बजाज व अर्चना पाटिल तथा पार्टी पदाधिकारी कर्नलसिंह राहल सहित राकांपा के अनेकों वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे.

* सांसद बलवंत वानखडे व पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर सहित कांग्रेस नेता भी पहुंचे ईद की मुबारकबाद देने
आज रमजान ईद पर्व के उपलक्ष्य में ईदगाह मैदान पर अदा की जानेवाली ईद की नमाज को ध्यान में रखते हुए जिले के कांग्रेस सांसद बलवंत वानखडे व पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर के नेतृत्व में शहर कांग्रेस के सभी पदाधिकारी मुस्लिम समाजबंधुओं की मुबारकबाद देने हेतु ईदगाह मैदान परिसर पहुंचे. इस अवसर पर मनपा के नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले, स्वीकृत पार्षद अनिल अग्रवाल, पार्षद बबलू शेखावत व प्रा. डॉ. संजय शिरभाते, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष भैय्या पवार, महिला शहराध्यक्ष जयश्री वानखडे, सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश रतावा व मनोज भेले सहित कांग्रेस के अनेकों पदाधिकारियों की बडी संख्या में उपस्थिति रही. इस अवसर पर सभी कांग्रेस पदाधिकारियों ने मुस्लिम समाजबंधुओं को ईद की मुबारकबाद देने के साथ ही गुलाब के फूल देकर उनका भावपूर्ण अभिनंदन किया.

* सीपी ओला व डीसीपी शिंदे ने भी पेश की ईद की मुबारकबाद
विशेष उल्लेखनीय है कि, आज सुबह ईदगाह मैदान पर होनेवाली ईद की नमाज को ध्यान में रखते हुए ईदगाह परिसर के चारों ओर पुलिस का तगडा बंदोबस्त लगाया गया था. जिसका जायजा लेने हेतु खुद शहर पुलिस आयुक्त राकेश ओला व शहर पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे भी ईदगाह मैदान परिसर पहुंचे थे और वहां पर अपने मातहत अधिकारियों के साथ पूरा समय उपस्थित भी रहे. इस दौरान पुलिस आयुक्त राकेश ओला व पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे ने भी ईदगाह मैदान परिसर में मौजूद सभी मुस्लिम समाजबंधुओं को रमजान ईद की शुभकामनाएं दी.





