गांधी-शास्त्री जयंती पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े का उत्साहपूर्ण समापन

मोर्शी के अण्णासाहेब कानफाड़े स्मृति विद्यालय में स्वच्छता दूतों का सम्मान

 विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
मोर्शी /दि.5- स्थानीय स्व. अण्णासाहेब कानफाड़े स्मृति विद्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती तथा ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया. इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया.
विद्यालय में पिछले 15 दिनों से स्वच्छता को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं. इनमें विद्यालय परिसर एवं कक्षाओं की सफाई, आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता, बाजार क्षेत्र में स्वच्छता अभियान, कचरा प्रबंधन, कचरे का वर्गीकरण एवं उचित निपटान तथा ‘एक घंटा स्वच्छता’ जैसे उपक्रम शामिल रहे. कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के मुख्याध्यापक ए. डी. जुनघरे ने की. इस अवसर पर मोर्शी नगर परिषद के स्वच्छता दूत एवं कर्मचारी मनीष वानखड़े तथा संजय उज्जैनकर का विद्यालय की ओर से शाल, श्रीफल एवं पौधा भेंट कर विशेष सम्मान किया गया.
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी एवं लालबहादुर शास्त्री के जीवन और कार्यों पर अपने विचार व्यक्त किए. सत्कारमूर्ति मनीष वानखड़े ने स्वच्छता के मानवीय जीवन में महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से समाज में स्वच्छता के प्रति जनजागृति फैलाने का आह्वान किया. अध्यक्षीय संबोधन में मुख्याध्यापक ए. डी. जुनघरे ने विद्यार्थियों से स्वयं स्वच्छ रहने के साथ विद्यालय और आसपास के परिसर को भी स्वच्छ रखने की अपील की. उन्होंने ‘स्वच्छता से समृद्धि की ओर’ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया. कार्यक्रम का संचालन डी. एन. सर्जे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन एस. ए. टिक्कस ने किया. कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने विशेष सहयोग किया.

Back to top button