महर्षि पब्लिक स्कूल के छात्र राजेश बेठेकर की मौत के मामले में परिजनों ने पुलिस से लगाई गुहार
संचालक प्रशांत राठी के खिलाफ सदोष मानव वध का मामला दर्ज करने की मांग

* शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू
अमरावती/दि.31– अमरावती के विवादित महर्षि पब्लिक स्कूल के आदिवासी छात्र राजेश बेठेकर की मौत के मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है. राजेश की मौत के लिए स्कूल प्रशासन की लापरवाही और गैरजिम्मेदारी को जिम्मेदार ठहराते हुए परिजनों ने शनिवार को चिखलदरा पुलिस थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की.
शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे पक्ष के पदाधिकारी शुभम जवंजाल के नेतृत्व में राजेश के पिता बाबू साबूलाल बेठेकर, भाई आशिष बाबू बेठेकर, विलास भालधरे समेत अन्य परिजनों ने पुलिस थाने में शिकायत दी. इस दौरान महर्षि पब्लिक स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की गई. परिजनों ने महर्षि पब्लिक स्कूल के संचालक प्रशांत राठी के खिलाफ सदोष मानव वध का मामला दर्ज करने की मांग की है. उनका आरोप है कि राजेश की तबीयत खराब होने के बावजूद स्कूल प्रशासन ने उसकी गंभीरता से देखभाल नहीं की. समय पर उचित उपचार नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हुई, ऐसा गंभीर आरोप परिजनों ने लगाया है. इस बीच, परिजनों द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस मर्ग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर रही है. राजेश का शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराने के लिए उपविभागीय दंडाधिकारी से अनुमति मांगी गई है. जानकारी के अनुसार, आगामी सोमवार को शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम किया जाएगा.
वहीं, राजेश के साथ तबीयत खराब होने के बाद अस्पताल में उपचार लेने वाले उसके चचेरे भाई रामप्रसाद बेठेकर को भोजन से विषबाधा होने संबंधी डॉक्टर की मेडिकल रिपोर्ट भी राजेश के पिता ने पुलिस को दी गई शिकायत के साथ संलग्न की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल दस्तावेजों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर राजेश बेठेकर की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होने की उम्मीद है. इसके बाद इस मामले में स्कूल प्रशासन की जिम्मेदारी तय होने की संभावना है.





