एमआयडीसी के पीछे हाईवे के पास स्थित टेकडियों पर लगी आग
देखते- देखते ही सभी टेकडियां दावानल की चपेट में

* पूरे इलाके में अफरा- तफरी, दमकल दस्ते जाकर वापस लौटे
* आग पोहरा जंगल तक पहुंची
अमरावती/ दि.12 – अमरावती में एमआईडीसी क्षेत्र के पीछे हाईवे के पास स्थित टेकड़ियों पर मंगलवार शाम अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की कई टेकड़ियां दावानल की चपेट में आ गईं. दूर-दूर तक पहाड़ियों पर आग की लपटें उठती दिखाई दीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
बताया जा रहा है कि टेकड़ियों पर फैली सूखी घास और झाड़ियों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई. तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही समय में कई पहाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया. हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी दूर से आग की लपटें और धुएं का गुबार साफ दिखाई दे रहा था. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और दमकल विभाग को सूचना दी. जानकारी मिलते ही अग्निशमन दल घटनास्थल पहुंच गया और आग को काबू में करने के प्रयास शुरू किए गये. लेकिन आग उंची टेकडियों पर लगी रहने से दमकल वाहन वहां पहुंच नहीं पाया. अथक प्रयासों के बावजूद आग को नियंत्रित करना संभव न होने से दमकल कर्मी वापस लौट आए. हालांकि अभी तक आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार सूखी वनस्पति, गर्म मौसम या किसी की लापरवाही से आग लगने की संभावना जताई जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में अक्सर टेकड़ियों पर सूखी घास के कारण आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं. नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे क्षेत्रों में नियमित निगरानी और सुरक्षा उपाय बढ़ाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. – दूर-दूर तक दिखीं आग की लपटें
एमआईडीसी के पीछे की टेकड़ियों पर लगी आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें और धुआं शहर के कई हिस्सों से दिखाई दे रहा था. लोगों ने इस घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा किए.
आग पहुंची पोहरा जंगल तक
एमआयडीसी के पीछे हाइवे से सटकर स्थित पहाडियों पर लगी यह आग देखते ही देखते पोहरा जंगल तक पहुंच गई. छत्री तालाब से हनुमान गढी मार्ग के जंगल को इस आग ने अपनी चपेट में ले लिया. इस भीषण आग के कारण जंगल के हर भरे और सूखे पेड जलकर राख हो गये. इससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचने का अंदेशा है. वडाली वन विभाग कार्यालय में आग को काबू में करने के लिए ब्लोअर मशीन की सुविधा न रहने के कारण यह आग तेजी से आगे बढती जा रही है. रात के समय इस आग का दृश्य काफी भयावह दिखाई दे रहा था.





