138 ग्राम सोने के गहनों सहित चार गिरफ्तार

पड़ोसन ने प्रेमी संग रची चोरी की साजिश

अकोला/दि.23 – शहर के पुराना शहर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 138 ग्राम सोने के गहने जब्त किए हैं. जब्त गहनों की कीमत लगभग 21 लाख रुपये बताई जा रही है. साथ ही वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है.
वाशिम बायपास रोड स्थित सागर कॉलोनी निवासी नेहा राजेश सावदेकर (30) ने 12 फरवरी को पुराना शहर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार, दोपहर के समय वह पड़ोस में रहने वाले गवई परिवार के घर गई थीं. इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में घुसकर 90 हजार रुपये नकद तथा 138 ग्राम सोने के गहनों की चोरी कर ली. शिकायत के आधार पर पुराना शहर पुलिस थाना ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान संदेह के आधार पर पूछताछ की गई, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ. पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता की पड़ोसन समीक्षा अनिल गवई ने ही अपने प्रेमी ऋतिक अजाबराव श्रृंगारे (22), निवासी ग्राम हिरपुर, तहसील मुर्तिजापुर की मदद से चोरी की साजिश रची थी. वारदात में ऋतिक का मित्र समीर प्रदीप तेलखड़े (19), निवासी आरटीओ रोड, अमरावती तथा समीक्षा का परिचित वैभव संजय गोपनारायण (23), निवासी कमला नगर, वाशिम बायपास, अकोला भी शामिल था. पुलिस ने क्रमशः सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

* पुलिस की तत्परता से हुआ खुलासा
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी तथा उप-अधीक्षक सुदर्शन पाटिल के मार्गदर्शन में की गई. कार्रवाई में थानेदार नितिन लेव्हरकर, पुलिस उपनिरीक्षक रवींद्र करणकार सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पुलिस ने चोरी का पूरा माल बरामद करने का दावा किया है तथा आगे की जांच जारी है.

Back to top button