यवतमाल में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी का भंडाफोड़

पुसद के एक ही घर से 40 सिलेंडरों की खेप जब्त

* भंडारा और गोंदिया में भी कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार
यवतमाल/दि.14 – यवतमाल जिले सहित भंडारा और गोंदिया जिलों में एलपीजी गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई सिलेंडर जब्त किए हैं. उड़न दस्तों द्वारा की गई इस कार्रवाई में यवतमाल जिले के पुसद शहर में एक घर से ही 40 गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं.
बताया जा रहा है कि खाड़ी देशों में चल रही युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण गैस सिलेंडरों की संभावित कमी का फायदा उठाकर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा था. इसकी सूचना मिलने पर प्रशासन ने विशेष अभियान चलाकर छापेमारी की. यवतमाल जिले के पुसद शहर में नूर कॉलोनी के सुभाष वार्ड क्षेत्र में भरारी दस्ते ने छापा मारकर एक घर से 40 गैस सिलेंडर बरामद किए. यह सिलेंडर एक कमरे में छिपाकर रखे गए थे.
पुलिस ने इस मामले में आरिफ मोहम्मद कच्छी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इतने बड़े पैमाने पर सिलेंडर कहां से लाए गए और किस उद्देश्य से उनका भंडारण किया गया था.
* भंडारा में भी कार्रवाई
भंडारा जिले में जिला आपूर्ति विभाग की टीम ने विशेष अभियान के तहत शहर के राजीव गांधी चौक क्षेत्र में छापा मारकर एचपीसीएल कंपनी के चार घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए. जांच के दौरान दुकान संचालक नरेश श्रावण माकड़े के पास सिलेंडरों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या खरीद रसीद नहीं पाई गई.
* गोंदिया में 17 सिलेंडर जब्त
गोंदिया जिले में भी इसी तरह की कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने 17 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं. इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री या जमाखोरी की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें.

Back to top button