अकोला में पाइप से मिलेगी गैस
60 किमी की गैस पाइप लाइन का काम शुरु

* शीघ्र ही होगी पाइप लाइन से गैस आपूर्ति- मनपा आयुक्त डॉ. लहाने
अकोला/दि.4- अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते गैस की कमी का सामना कर रहे अकोला शहर के लिए राहतभरी खबर है. शहर में पाइप लाइन के माध्यम से प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की आपूर्ति जून अंत तक शुरु होने की संभावना है और इसके लिए गैस पाइप लाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है. इस परियोजना का कार्य अदानी टोटल गैस कंपनी द्वारा किया जा रहा है. कारंजा तहसील के पोहा क्षेत्र से गैस पाइप लाइन अकोला की ओर लाई जा रही है. अब तक लगभग 40 किमी का काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष 20 किमी का काम जल्द पूरा किया जाएगा. बार्शीटाकली और कापशी मार्ग से यह पाइप लाइन अकोला शहर में पहुंचेगी.
मनपा को शहर में पाइप लाइन बिछाने के लिए आवश्यक अनुमति का प्रस्ताव दिया गया है. शुरुआत में गीता नगर क्षेत्र में इस परियोजना का काम शुरु होने की संभावना है, जिसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में गैस सप्लाइ शुरु की जाएगी. इस परियोजना के तहत शहर में करीब 9,500 गैस कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है. घरेलू उपयोग के साथ-साथ उद्योगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी इसका लाभ मिलेगा. पाइप लाइन से मिलने वाली प्राकृतिक गैस सुरक्षित, पर्यावरण के अनुकूल और किफायती होने के कारण नागरिकों को बडा फायदा होगा.
इस बीच, पाइप लाइन बिछाने के लिए शहर की सडकों की खुदाई की जाएगी और काम पूरा होने के बाद सडकों की मरम्मत की जिम्मेदारी संबंधित कंपनी की होगी. प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग करने की अपील की है. मनपा आयुक्त डॉ. सुनील लहाने ने बताया कि, शहर में गैस पाइप लाइन का काम शुरु हो चुका है और जल्द ही नागरिकों को पाइप लाइन के माध्यम से गैस की सुविधा उपलब्ध होगी.





