सरकारी स्वास्थ्य विभाग पर करोडों रुपयों का विद्युत बिल बकाया

अमरावती/दि.31- जिले में उच्च दाब व लघु दाब वाली विद्युत आपूर्ति रहनेवाले सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की ओर करोडों रुपयों का विद्युत बिल बकाया रहने की जानकारी सामने आई है. जिसके चलते आर्थिक वर्ष खत्म होने से पहले संबंधित अस्पताल प्रशासन द्वारा बिल अदा नहीं करने पर संबंधित अस्पतालों की विद्युत आपूर्ति को खंडित करने की चेतावनी महावितरण के मुख्य अभियंता अशोक सालुंके द्वारा दी गई है.
महावितरण द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक विद्युत बिल वसूली केवल एक आर्थिक मुद्दा नहीं है, बल्कि यह महावितरण के अस्तित्व से जुडा हुआ मामला है. जिसके चलते महावितरण के कर्मचारी भीषण गर्मी व तेज धूप के बीच बकाया वसूली के लिए प्रयास कर रहे है और प्रतिसाद नहीं देनेवाले ग्राहकों की विद्युत आपूर्ति को खंडित करने की कार्रवाई भी की जा रही है. चूंकि स्वास्थ्य सेवा को जीवनवाहिनी माना जाता है. जिसके चलते महावितरण ने विद्युत बिल बकाया रखनेवाले सरकारी अस्पतालों की विद्युत आपूर्ति को तत्काल खंडित करने की बजाए संबंधित प्रशासन के साथ प्रत्यक्ष भेंट करने के साथ ही पत्र व्यवहार व स्मरण पत्र के जरिए लगातार फालोअप किया, परंतु इसे अपेक्षित प्रतिसाद नहीं मिला. जिसके चलते अब मजबूरी में ऐसे सरकारी अस्पतालों की विद्युत आपूर्ति को खंडित करने की कार्रवाई करनी पडेगी, ऐसी स्पष्ट चेतावनी महावितरण द्वारा दी गई है.
जानकारी के मुताबिक जिले में सरकारी स्वास्थ्य विभाग की ओर करीब 2 करोड 72 लाख 27 हजार रुपए का विद्युत बिल बकाया है. जिसमें से सर्वाधिक 1 करोड 46 लाख रुपयों का विद्युत बिल अकेले जिला सामान्य अस्पताल की ओर ही बकाया रहने की जानकारी सामने आई है. इसके अलावा अचलपुर में वैद्यकीय अधीक्षक के नाम पर रहनेवाले तीन विद्युत कनेक्शनों पर 1 करोड 14 लाख रुपए, मोर्शी के संबंधित सरकारी अस्पताल पर 18 हजार रुपए तथा जिले के अन्य 99 स्वास्थ्य व्यवस्था वाले कनेक्शनों की ओर 11 लाख 9 हजार रुपए का विद्युत बिल बकाया रहने की जानकारी है. इन बकाया बिलों का त्वरीत भुगतान नहीं होने पर महावितरण ने संबंधित कनेक्शनों की विद्युत आपूर्ति को खंडित करने की चेतावनी जारी की है.

* विद्युत बिल अदा करने हेतु सरकार की ओर निधि प्राप्त होती है. जिसके चलते बकाया बिल अदा करने हेतु निधि मिलने के लिए सरकार के पास प्रस्ताव भेजा गया है और निधि प्राप्त होते ही विद्युत बिलों का भुगतान किया जाएगा.
– विनोद पवार
जिला शल्य चिकित्सक.

Back to top button