डागा कोचिंग क्लासेस में 7 मार्च को भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन

प्रा. डॉ. गिरीश डागा के जन्मदिन के उपलक्ष्य में होगा सामाजिक उपक्रम

अमरावती /दि.6 – शहर के शारदा नगर स्थित डागा कोचिंग क्लासेस की ओर से प्रा. डॉ. गिरीशकुमार नंदकिशोर डागा के जन्मदिन के उपलक्ष्य में शनिवार 7 मार्च 2026 को भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है. यह शिविर सिद्धार्थ मंगलम, बडनेरा रोड, अमरावती में आयोजित होगा. शिविर की शुरुआत सुबह 8 बजे होगी. कार्यक्रम की शुरुआत स्वयं प्रा. गिरीश डागा द्वारा रक्तदान कर की जाएगी. वे रक्तदान कर विद्यार्थियों और नागरिकों को समाजोपयोगी इस कार्य के लिए प्रेरित करेंगे.
बता दें कि, डागा कोचिंग क्लासेस शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाता रहा है. संस्थान का मानना है कि विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए. इसी उद्देश्य से पिछले 8 वर्षों से प्रा. गिरीश डागा अपने जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन कर रहे हैं. इस शिविर में पीडीएमसी की टीम महेंद्र भूतड़ा के मार्गदर्शन में उपस्थित रहकर रक्तदान की पूरी प्रक्रिया संपन्न करेगी और अपनी सेवाएं प्रदान करेगी.
उपरोक्त जानकारी देने के साथ ही डागा कोचिंग क्लासेस की संचालिका वनिता गिरीश डागा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शहर के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर रक्तदान करने का आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महादान है और इससे कई जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है. आयोजकों ने सभी समाजसेवियों और युवाओं से अपील की है कि वे इस शिविर में भाग लेकर रक्तदान करें और समाजहित के इस पुण्य कार्य में अपनी सहभागिता निभाएं.

Back to top button