अमरावती महानगरपालिका द्वारा 7 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य आयोजन

अमरावती/दि.5 अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अमरावती महानगरपालिका की ओर से 7 मार्च को सुबह 11 बजे से संत ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक भवन, मोर्शी रोड, अमरावती में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है. कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री एवं अमरावती जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि अध्यक्षता महापौर श्रीचंद तेजवाणी करेंगे.
महिला सशक्तिकरण, समानता, नेतृत्व क्षमता के विकास और विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के उल्लेखनीय योगदान के सम्मान के उद्देश्य से इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है. महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा एनयूएलएम विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दिनभर विविध प्रतियोगिताएं, मार्गदर्शन सत्र और सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे.

* सांस्कृतिक व खेल प्रतियोगिताएं
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गीत-नृत्य प्रस्तुति, वक्तृत्व प्रतियोगिता, समूह प्रस्तुति एवं लघुनाट्य जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे. इससे शहर की महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा और उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा. महिलाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करने के लिए क्रीड़ा विभाग की ओर से मैदानी व इनडोर खेल प्रतियोगिताएं भी रखी गई हैं. इन प्रतियोगिताओं से महिलाओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना और नेतृत्व गुणों का विकास होगा.

* मार्गदर्शन सत्र व सम्मान
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के अधिकार, स्वावलंबन, उद्यमिता, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे विषयों पर विशेष मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया जाएगा. साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान भी किया जाएगा. महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिला दिवस केवल औपचारिक उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समानता का संदेश देने का अवसर है. नगरपालिका आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक ने शहर की सभी महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.

Back to top button