तिरुपती नगर में गंदगी और खुली नालियों से बढ़ा स्वास्थ्य संकट
नागरिकों ने मनपा को सौंपा ज्ञापन

अमरावती/दि.10– अमरावती महानगरपालिका क्षेत्र के तिरुपती नगर (कठोरा नाका, रंगोली लॉन के पीछे) में रहने वाले नागरिकों ने गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है. यह ज्ञापन नगरसेवक चांदुभाऊ खेडकर के माध्यम से आयुक्त को दिया गया. नागरिकों का कहना है कि पिछले 25 वर्षों से क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. रंगोली लॉन और मंगल कार्यालय से निकलने वाला सांडपानी खुले नालों में जमा हो रहा है, जिससे दुर्गंध, मच्छरों की बढ़ोतरी और डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है. इसके अलावा, पास के खाली भूखंड पर कचरा फेंके जाने से गंदगी का अंबार लग गया है. हवा के साथ यह कचरा आसपास के घरों तक फैल रहा है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि गाडगेबाबा सभागृह के पास बनी दीवार के कारण सड़क पर खतरनाक अंधा मोड़ बन गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. वहीं, कचरा गाड़ी की अनियमितता और पास स्थित दारू दुकान से निकलने वाले गंदे पानी से भी समस्या और गंभीर हो गई है. नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नालियों को पक्का और ढंककर बनाया जाए, कचरा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, कचरा संग्रहण नियमित किया जाए तथा सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय किए जाएं. नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे.





