पन्नालालनगर नाले की सुरक्षा दीवार के लिए 49 लाख मंजूर
जल्द शुरू होगा काम, पार्षद मिलिंद बांबल के प्रयास रहे सफल

अमरावती /दि.10- अमरावती महानगरपालिका क्षेत्र के पन्नालाल नगर स्थित बड़े नाले की सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए 49 लाख 80 हजार रुपये का निधि मंजूर किया गया है. स्थायी समिति के पूर्व सभापति एवं क्षेत्र के मौजूदा पार्षद मिलिंद बांबल के लगातार प्रयासों के बाद यह निर्णय लिया गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों में खुशी का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, पन्नालाल नगर में पिछले 45 वर्षों से उपयोग में आने वाला मुख्य मार्ग नाले के किनारे खिसकने और बड़े गड्ढे बनने के कारण पूरी तरह बंद हो गया था. इससे क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. नाले के दोनों किनारों पर सुरक्षा दीवार न होने के कारण हर वर्ष बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी. कुछ समय पहले पार्षद मिलिंद बांबल ने इस मुद्दे को लेकर नाले में उतरकर आंदोलन किया था और लगातार प्रशासन से मांग की थी. इसके बाद आंशिक रूप से एक हिस्से में दीवार का निर्माण किया गया, लेकिन पप्पू गहलोत से रवी शेंडे के घर तक का हिस्सा अधूरा ही रह गया था. इसी दौरान एक लोडेड ट्रक अनियंत्रित होकर नाले में गिर गया, जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया. अब महानगरपालिका ने इस शेष हिस्से में सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए निधि मंजूर कर दी है. शहर अभियंता रविंद्र पवार के अनुसार, इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू कर पूरा किया जाएगा.
गौरतलब है कि वर्ष 2016-17 में शहर के 16 बड़े नालों और 18 उपनालों पर सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए लगभग 375 करोड़ रुपये का डीपीआर तैयार किया गया था, लेकिन उस पर आगे कार्य नहीं हो पाया. स्थानीय नागरिकों ने इस कार्य के लिए पहल करने पर मिलिंद बांबल का आभार व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया है. उनका कहना है कि इस काम के पूरा होने से क्षेत्र की बड़ी समस्या का समाधान होगा और संभावित दुर्घटनाओं से भी बचाव हो सकेगा.





