मेलघाट के काजलडोह में होली का धमाल

‘मेघनाथ बाबा’ यात्रा को लेकर उत्साह

काजलडोह / दि.11 – होली के रंगों में रंगे मेलघाट के आदिवासी भाईयों ने सोमवार को काजलडोह गांव में ‘मेघनाथ बाबा’ यात्रा में धमाल मचाया. हजारों भक्तों ने अपनी मन्नत पूरी करते हुए पारंपरिक पूजा- अर्चना की. होली का यह पर्व आदिवासी संस्कृति का सबसे बडा और उत्साहपूर्ण त्यौहार माना जाता है. होली जलाने के बाद 5 दिनों तक फगवा चलता है और ‘मेघनाथ बाबा’ की यात्रा निकाली जाती है.
काजलडोह की यह ऐतिहासिक यात्रा कई वर्षो से चली आ रही है. ‘मेघनाथ बाबा’ यात्रा के दौरान जो आदिवासी समाज बंधु अपने परिवार सहित दूसरे शहरों में व्यवसाय या फिर नौकरी करने के लिए गये हैं. वे वापस अपने गांव लौटते हैं और ढोल- ताशे के गजर में उत्साह के साथ होली खेलते है और अपनी परंपराओं के अनुसार पूजा करते है. कुछ जगहों पर खंबे से बांधकर या चढकर मन्नत पूरी की जाती है. मेलघाट के घने जंगलों में आज भी पुरानी आदिवासी संस्कृति सुरक्षित है. ग्रामीण परिसर के नागरिक बडी संख्या में इस यात्रा मे सहभाग लेते हैं.
मेलघाट के कई गांवों में होली के बाद मेघनाथ यात्रा निकाली जाती है. काजलडोह के अलावा बीबा, जारीदा, काटकुंभ आदि गांवों में भी यात्रा निकाली जाती है. रावणपुत्र मेघनाथ के नाम से जानी जानेवाली यह यात्रा आदिवासी बंधुओं की साधी और सरल जीवनशैली और परंपराओं का प्रतीक है. होली और यात्रा से गांव में आनंद और एकता तथा भक्ति का माहौल बन जाता है.
मेलघाट विधानसभा संयोजक यशवंत काले का सत्कार
इस साल काजलडोह गांव में मेघनाथ बाबा यात्रा के दौरान गांव में पधारे मेलघाट विधानसभा संयोजक यशवंत काले का भाजपा कार्यकर्ताओं द्बारा जोरदार स्वागत कर सत्कार किया गया. इस अवसर पर यशवंत काले ने कहा कि गांव में मेघनाथ बाबा यात्रा बडे अच्छे तरीके से हुई है. हम अपनी परंपराओं को संजोए हुए है. आदिवासी भाईयों की श्रध्दा और उत्साह को देखकर गर्व होता है.

Back to top button