होटलों व रेस्टॉरेंट को कमर्शियल गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति हो
शहर के होटल संचालकों व खाद्य पदार्थ विक्रेताओं ने जिलाधीश को सौंपा ज्ञापन

अमरावती /दि.13 – इस समय ईरान व इजराईल के बीच चल रहे युद्ध तथा खाडी देशों में तनावपूर्ण परिस्थिति रहने के चलते पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई चेन बुरी तरह से बाधित हुई है और एलपीजी सहित पेट्रोल व डीजल की किल्लत पैदा होने के पूरे आसार है. जिसके चलते सरकार ने कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति को पूरी तरह से बंद कर दिया है. जिससे होटल व रेस्टॉरेंट व्यवसायियों के सामने अपने व्यवसायों को शुरु रखने की दिक्कत पैदा हो गई है. जिससे होटल व्यवसाय के साथ जुडे संचालकों सहित उनके यहां काम करनेवाले कामगारों के सामने बेरोजगारी की नौबत आन पडी है. इस बात को ध्यान में रखते हुए अमरावती रेस्टॉरेंट लॉजिंग एसोसिएशन तथा खाद्य पदार्थ विक्रेता मंडल के पदाधिकारियों व सदस्यों ने गत रोज जिलाधीश आशीष येरेकर के नाम अपर जिलाधीश गोविंद दानिश व जिला आपूर्ति अधिकारी निनाद लांडे को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी दिक्कते बताई तथा घरेलू गैस सिलेंडरों की तरह व्यवसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति को भी जारी रखने की मांग की.
अमरावती होटल व रेस्टॉरेंट संगठन एवं खाद्य पदार्थ विक्रेता संगठन की अगुवाई में जिलाधीश कार्यालय पहुंचे दोनों संगठनों के संयुक्त प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि, यदि लंबे समय तक व्यवसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित रहती है, तो इससे होटल व रेस्टॉरेंट व्यवसाय के साथ-साथ कैटरिंग व्यवसाय पर भी विपरित असर पडेगा और कई लोगों को बेरोजगारी का सामना करना पडेगा. इस प्रतिनिधि मंडल का यह भी कहा रहा कि, कोविड संक्रमणकाल के दौरान भी होटल व रेस्टॉरेंट व्यवसाय लंबे समय तक पूरी तरह से बंद थे और विगत दो-तीन वर्षों के दौरान जैसे-तैसे कामकाज पटरी पर लौटा है. वहीं अब पेट्रोलियम उत्पादों की संभावित किल्लत को ध्यान में रखते हुए व्यवसाय सिलेंडरों की आपूर्ति को अचानक ही बंद कर दिया गया है. जिसका सीधा असर होटल व्यवसायियों पर पडेगा. ऐसे में बेहद जरुरी है कि, शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को भी सुचारु रखा जाए, ताकि बाहरगांव से अमरावती आकर पढाई-लिखाई करनेवाले विद्यार्थियों सहित नौकरीपेशा लोगों को भोजन संबंधी दिक्कतों का सामना न करना पडे.
ज्ञापन सौंपते समय अमरावती रेस्टॉरेंट एंड लॉजिंग एसो. एवं खाद्यपेय विक्रेता मंडल की ओर से अध्यक्ष रविंद्रसिंह सलूजा व सचिव चंद्रकांत पोपट सहित सारंग राऊत, अखिलेश राठी, आनंद भेले, अखिल चांडक, मयूर जिरापूरे, पंकज काले, प्रकल्प चांडक, रोहित शर्मा, उदय बूब, मनीष खंडेलवाल, पीयूष राठी, तेजस पोपट, सुनील साहू आदि सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य भी बडी संख्या में उपस्थित थे.





