नई तहसील के पास मनपा की नई इमारत के लिए जगह का निरीक्षण
अमरावती में मनपा की भव्य नई प्रशासनिक इमारत हेतु 100 करोड़ का प्रस्ताव

* जगह तय, प्रस्ताव जिलाधिकारी को सौंपा
अमरावती/दि.17 – देवेंद्र फडणवीस की संकल्पना के तहत अमरावती महानगरपालिका की नई प्रशासनिक इमारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. इस परियोजना के लिए 100 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को आगे बढ़ाते हुए नई तहसील के पास चयनित स्थान का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित प्रस्ताव जिलाधिकारी को सौंप दिया गया है.
निरीक्षण के दौरान विधायक रवि राणा और पूर्व सांसद नवनीत राणा के निर्देशानुसार उपमहापौर सचिन भेंडे, गटनेता नाना आमले, युवा स्वाभिमान पार्टी के अजय जयस्वाल सहित सभी नगरसेवक उपस्थित रहे. इस अवसर पर सहायक संचालक नगररचना सागर वानखडे, तहसील कार्यालय के प्रतिनिधि प्रीतम रामटेके, मालमत्ता अधिकारी सचिन मांडवे तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद थे. निरीक्षण के दौरान महानगरपालिका की नई प्रशासनिक इमारत के लिए उपयुक्त स्थान निश्चित किया गया. इस संबंध में तैयार विस्तृत प्रस्ताव जिलाधिकारी को सौंप दिया गया है और आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है.
बताया गया कि इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री के माध्यम से 100 करोड़ रुपये का निधि शीघ्र उपलब्ध होने की अपेक्षा है. नई इमारत के निर्माण से नागरिकों को आधुनिक व सुसज्ज सुविधाएं मिलेंगी तथा प्रशासनिक कार्यों में अधिक सुगमता और कार्यक्षमता आएगी. शहरवासियों ने उम्मीद जताई है कि अमरावती महानगरपालिका की नई भव्य प्रशासनिक इमारत जल्द ही आकार लेगी, जिससे नागरिक सेवाओं में और सुधार होगा. इस निरीक्षण के समय उपमहापौर सचिन भेंडे के साथ नगरसेवक किशोर जाधव, गौरी मेघवानी, रजनी डोंगरे, शैलेश मेघवानी समेत अनेक लोग उपस्थित थे.