अनिरुद्ध देशपांडे का जयका मोटर्स ने किया सम्मान
भारतीय महिला क्रिकेट टीम के परफॉर्मेंस एनालिस्ट हैं अनिकेत देशपांडे

* वर्ल्ड कप में महिला टीम की जीत पर टाटा सिएरा वाहन किया गया भेंट
अमरावती /दि.13 –मूलत: अमरावती निवासी तथा वर्ल्ड कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम से जुड़े परफॉर्मेंस एनालिस्ट अनिरुद्ध अरुण देशपांडे को गत रोज टाटा मोटर्स के स्थानीय वितरक जयका मोटर्स की ओर से अत्याधुनिक टाटा सिएरा वाहन भेंट करते हुए सम्मानित किया गया.
बता दें कि, भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हाल के वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण जीत हासिल की हैं. इस सफलता में टीम के परफॉर्मेंस एनालिस्ट के रूप में कार्यरत अमरावती निवासी अनिरुद्ध देशपांडे का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उनके गहन अध्ययन, विश्लेषण और समर्पित कार्यशैली के कारण टीम को बेहतर रणनीति बनाने में मदद मिली और टीम की सफलता में उनकी भूमिका सराहनीय रही है. इस उपलब्धि के सम्मान में अमरावती के जयका मोटर्स प्रा. लि. में एक विशेष वाहन वितरण समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दौरान अनिरुद्ध देशपांडे को टाटा सिएरा वाहन की चाबी देकर सम्मानित किया गया.
इस अवसर पर जयका मोटर्स की जनरल मैनेजर दीपाली खेडेकर, टाटा मोटर्स के एरिया मैनेजर संदीप पेठीना, अमरावती के सेल्स मैनेजर संजय सरोदे सहित कंपनी के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे. उपस्थित मान्यवरों ने अनिरुद्ध देशपांडे के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि अमरावती जैसे शहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने वाले व्यक्तियों का सम्मान पूरे शहर के लिए गर्व की बात है. जयका मोटर्स की ओर से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने की परंपरा निरंतर जारी है, जिसका उद्देश्य खेल और अन्य क्षेत्रों में प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना है.





