कार के बकाया पैसे को लेकर चाकू से हमला

चार आरोपियों पर गंभीर मारपीट का मामला दर्ज

* पीडित की छाती व सिर पर किए वार
वरूड/दि.20 वरूड शहर के मिरची प्लॉट परिसर में कार के बकाया पैसे को लेकर हुए विवाद में एक 60 वर्षीय व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई हैं. इस मामले में वरूड पुलिस ने एक नामजद आरोपी सहित तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
जानकारी के मुताबिक वरूड थाना क्षेत्र में यह घटना बुधवार 18 फरवरी की दोपहर 4 बजे के आसपास मिरची प्लॉट क्षेत्र में घटी. इस मामले में शिकायतकर्ता मिरची प्लॉट वरूड निवासी अनुराग विश्वनाथ द्बिवेदी (60) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होेंने वर्ष 2025 में धामनगांव गढी, परतवाडा निवासी आरोपी राजेंद्र पन्नालाल अग्रवाल (60) को अपनी स्विफ्ट डिजायर चारपहिया गाडी बेची थी. पीडित के अनुसार आरोपी ने वाहन के पूरे पैसे अब तक नहीं दिए. जिससे दोनों के बीच विवाद चल रहा था. शिकायतकर्ता ने बताया कि इसी पैसे के विवाद को लेकर आरोपी और उसने तीन अज्ञात साथियों ने उस पर हमला किया. आरोपीयों ने शिकायतकर्ता के सीने और सिर पर चाकू से वार किए और इसके बाद लातोघूसों से मारपीट कर मौके से फरार हो गए. इसके बाद आसपास के कुछ लोगों ने घायल अनुराग को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल किया. घटना की जानकारी पुलिस को मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचते हुए पंचनामा कर घायल का बयान दर्ज किया. पीडित की शिकायत और मेडिकल प्रमाणपत्र के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी हैं.

Back to top button