कांजोली दुर्घटना में मृत पांच लोगों का हुआ अंतिम संस्कार
जिलाधिकारी येरेकर व एसपी विशाल आनंद ने की घायलों से मुलाकात

* सांसद बलवंत वानखडे भी पहुंचे घटनास्थल पर
* शासकीय स्तर पर ठोस सहायता का दिया आश्वासन
धारणी /दि.24 – तहसील के कांजोली में रविवार 22 फरवरी की रात हुई अत्यंत भीषण और हृदयविदारक दुर्घटना में 4 निर्दोष नागरिकों की मौके पर ही मौत हो गई थी और एक घायल महिला की उपचार के दौरान अमरावती में मौत हो गई. इस हादसे में कई लोग गंभीर रुप से घायल हो गये है. इस घटना से पूरे मेलघाट क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है और कांजोली गांव में भारी आक्रोष देखा जा रहा है. इस घटना की जानकारी मिलते ही जिले के सांसद बलवंत वानखडे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी.
इस हादसे में शुकरही बिसराम धांडे (45, कांजोली), सीताराम पटेल सेलुकर (58, कांजोली), बाबुलाल बुढा दहीकर (56, कांजोली), किसन तांडू धांडे (58, कांजोली) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एक घायल महिला रिताबाई मंगल राठोड (45, शिनबन) की अमरावती में उपचार के दौरान मौत हुई. मृतकों के परिवारों पर टूटे दुख के पहाड को देखकर सांसद बलवंत वानखडे भाउक हो गये. उन्होंने पीडित परिवारों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया. साथ ही दुर्घटना में घायल लोगों की स्थिति की जानकारी लेकर उन्हें तत्काल बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए कडे निर्देश दिये.
सरकारी स्तर पर सहायता का आश्वासन
इस अवसर पर जिले के सांसद बलवंत वानखडे ने कहा कि, कांजोली की यह घटना अत्यंत पीडादायक है और हुई जनहानि से मन व्यथित है. मृतकों के वारिसों व गंभीर घायलों को सरकारी स्तर पर अधिकतम और त्वरित आर्थिक सहायता दिलाने के लिए मैं स्वयम राज्य के मुख्यमंत्री और संबंधित विभागों से संपर्क करुंगा. इस कठीन समय में मैं और पूरी कांगे्रस पार्टी परिवारों के साथ मजबूती से खडे है.
* प्रशासकीय अमला भी था मौजूद
घटना की गंभीरता को देखते हुए सांसद वानखडे के साथ प्रशासनिक अधिकारियों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान एसडीओ शुक्ला, तहसीलदार प्रदीप शेवाले, धारणी के थाना प्रभारी अवतार सिंह चव्हाण भी उपस्थित रहे. उन्होंने विधिवत पंचनामा कर आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. इस अवसर पर पूर्व जिप सभापति महेंद्रसिंह गहरवाल, पूर्व जिप सदस्य सुधीर सूर्यवंशी, श्रीपाद पाल, नगराध्यक्ष सुनील चौथमल, सुधीर चव्हाण, पंकज मोरे सहित स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और बडी संख्या में ग्रामवासी मौजूद थे. मृतकों की आत्मा की शांती और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य होने की प्रार्थना की गई.
* समूचित उपचार के दिये निर्देश
जिलाधिकारी येरेकर ने सबसे पहले दुर्घटना कक्ष में भर्ती भुनी दहीकर से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने परिजनों से दुर्घटना की जानकारी ली. दुर्घटना कैसे हुई. वाहन में कितने लोग थे, दुर्घटना का कारण क्या था. आदि की जानकारी लेने के बाद उन्होंने दुर्घटना में घायल गर्भवती महिला अर्चना दारसिंबे से मुलाकात की. उन्होंने निर्देश दिये कि, दुर्घटना के कारण मां और शिशु दोनों को सुरक्षित रखने के लिए समुचित उपचार किया जाये और पूर्व स्वास्थ्य होने के बाद ही अस्पताल से छूट्टी दी जाये. अस्पताल में दो लोगों की सर्जरी की जा रही थी. वहां भी जिलाधिकारी येरेकर ने जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की. जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन से कहा कि, घायलों को विशेष उपचार दें. किसी की भी मृत्यु न हो, इस बात का ध्यान रखे. आवश्यकता पडने पर निजी डॉक्टरों की भी सेवा ली जाये. ऐसा कहते हुए उन्होंने घायलों और उनके परिजनों को भी उपचार में सहयोग करने की अपील की.
* वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
इस हृदयविदारक दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन चालक ने वाहन की स्थिति ठीक न होने के बावजूद भी वाहन में अधिक मात्र में माल और यात्री भर लिये थे. साथ ही चलती गाडी में ही खराबी आने से पांच लोगों की मौत हुई है. मेलघाट में हुई दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जिलाधिकारी आशीष येरेकर व जिला पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने दिये है.
* चालक गिरफ्तार
पिकअप वाहन दुर्घटना में चार लोगों की जगह पर ही मौत हो गई थी. जबकि एक घायल महिला रिताबाई मंगल राठोड (45, शिनबन) की उपचार के दौरान अमरावती में मौत हुई. इस घटना के जिम्मेदार फरार बोलेरो पिकअप वाहन के चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बिसराम हीरालाल धांडे (50, धारणी) की शिकायत पर बोलेरो पिकअप वाहन एमएच-28/एबी-2739 के चालक दीपक सज्जुलाल सावलकर (35, कंजोली) के खिलाफ धारणी थाने में धारा 106 (1), 285, 125 (अ), 125 (ब) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 134 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक सावलकर को सोमवार 23 फरवरी को हिरासत में लिया.
* जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने की घायलों से मुलाकात
धारणी तहसील के रानी घाट में हुई दुर्घटना में घायल पांच लोगों को जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने घायलों और उनके परिवारों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. साथ ही घायलों को उचित उपचार देने के निर्देश दिये. इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद, जिला शल्यचिकित्सक डॉ. विनोद पवार आदि उपस्थित थे.





