स्वच्छता में ढिलाई व कोताही बर्दाश्त नहीं

प्रभाग क्रमांक 6 में महापौर श्रीचंद तेजवाणी ने किया निरीक्षण

* स्वच्छ, सुंदर अमरावती के लिए प्रशासन व नागरिकों से साथ मिलकर काम करने का आवाहन
अमरावती /दि.24 अमरावती महानगरपालिका के महापौर श्रीचंद तेजवाणी ने सोमवार सुबह प्रभाग क्रमांक 6 (विलास नगर-मोरबाग क्षेत्र) में व्यापक स्वच्छता निरीक्षण किया. उन्होंने हजरत बिलाल नगर, न्यू कॉटन मार्केट रोड, शेगांव, रहाटगांव रोड, के.एल. कॉलेज रोड, मसानगंज, कल्पना नगर तथा इतवारा बाजार क्षेत्रों का दौरा कर साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्पष्ट कहा कि शहर की स्वच्छता, स्वास्थ्य और अनुशासित प्रशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी. स्वच्छता कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निष्क्रियता बरतने वाले स्वास्थ्य निरीक्षकों पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक प्रभाग के स्वास्थ्य निरीक्षक प्रतिदिन क्षेत्र भ्रमण करें. सड़कों, नालों, सार्वजनिक स्थलों और कचरा संकलन केंद्रों पर नियमित सफाई हो रही है या नहीं, इसकी स्वयं जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य रहेगा. नागरिकों को गंदगी से किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए, इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी.
महापौर ने यह भी कहा कि नगरसेवकों या नागरिकों से स्वच्छता संबंधी शिकायत मिलने पर उसका त्वरित निराकरण करना अनिवार्य होगा. शिकायतों को लंबित रखना या नजरअंदाज करना स्वीकार नहीं किया जाएगा. यदि किसी स्वास्थ्य निरीक्षक के विरुद्ध शिकायत प्राप्त होती है तो सीधे कार्रवाई की जाएगी.
स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए महापौर ने नागरिकों से कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने और स्वच्छता नियमों का पालन करने की अपील की. निरीक्षण के दौरान संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षकों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए गए.
महापौर श्रीचंद तेजवाणी ने कहा कि अमरावती को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों का सहयोग भी उतना ही जरूरी है. महानगरपालिका शहर की स्वच्छता को लेकर प्रतिबद्ध है और इस विषय में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा.
निरीक्षण के दौरान नगरसेवक संजय नरवणे, दीपक साहू (सम्राट), कौशिक अग्रवाल, पंजाबराव तायवाडे, स्वास्थ्य निरीक्षक तथा सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे.

Back to top button