मोर्शी में दिन दहाडे बंद मकान से साढे 4 लाख रूपए का माल चोरी

अयोध्या नगर परिसर की घटना, मामला दर्ज

मोर्शी/ दि.1– शहर के अयोध्या नगर क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने बंद घर का ताला तोडकर नकदी ऐर सोने – चांदी के आभूषण सहित करीब 4 लाख 56 हजार रूपए का माल चोरी कर लिया. दर्ज शिकायत के आधार पर इस मामले में मोर्शी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार 30 मार्च को दोपहर करीब 2.30 बजे अयोध्या नगर, मोर्शी मेें घटी. शिकायतकर्ता अमोल उत्तमराव दरवाई (40) निजी नौकरी करते हैं.
दर्ज शिकायत के अनुसार घटना के दिन दोपहर के करीब 12.30 बजे उनकी पत्नी घर को ताला लगाकर पापड बनाने के काम में अपने रिश्तेदार के घर गई थी. जबकि अमोल दरवाई के काम पर चले गये थे. दोपहर करीब 2.30 बजे वे काम से वापस लौटे और घर का दरवाजा खोलने लगे. तब दरवाजे की कुंडी टूटी हुई पायी गई. घर के अंदर जाकर जांच करने पर लोहे की अलमारी का लॉकर खुला मिला और उसमें रखा नकदी व जेवरात गायब थे. चोरी हुए सामान में 40 हजार रूपए नकद, सोने का मिनी मंगलसूत्र, 12 ग्राम सोने के कान के झुमके, सोने की 5 ग्राम की अंगूठी, 12 ग्राम का सोने का गोप, सोने का लाकेट 5 ग्राम, सोने का छोटा आभूषण 1 ग्राम, चांदी के पायल 50 ग्राम तथा 30 ग्राम वजनी चांदी की बिछिया शामिल है. चोरी गए माल की कुल कीमत लगभग 4 लाख 56 हजार रूपए बताई गई है. घर में चोरी होने की घटना सामने आते ही मामला पुलिस थाने में पहुंचा. अमोल उत्तमराव दरवाई द्बारा की गई शिकायत के चलते इस मामले में मोर्शी पुलिस स्टेशन ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है तथा क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आने से पुलिस के लिए यह एक फिर नई चुनौती बनी है. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर बंद करते समय सुरक्षा उचित इंतजाम करें और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें.

 

Back to top button