लोणार के सौंदर्य को मिलेगा विकास का साथ

नए स्वरुप में दिखाई देगी उल्कापात की निशानी

बुलढाणा /दि.31 – वैश्विक ख्याती प्राप्त बुलढाणा जिले में स्थित लोणार सरोवर के जतन, संवर्धन व विकास को अब राज्य सरकार द्वारा गति प्रदान की गई है. लोणार विकास प्रारुप अंतर्गत वर्ष 2025-26 के आर्थिक वर्ष में 9 करोड 88 लाख 10 हजार रुपए की निधि वितरित करने को नियोजन विभाग ने मंजूरी दी है. विशेष यह रहा कि, अमरावती के संभागीय आयुक्त कार्यालय द्वारा की गई विनंती की दखल लेते हुए राज्य सरकार द्वारा इस निधि को तत्काल उपलब्ध कराया गया है.
लोणार सरोवर के सर्वांगिण विकास हेतु निधि की आवश्यकता रहने की बात दर्ज करते हुए अमरावती के संभागीय आयुक्त ने 9 फरवरी 2026 को राज्य सरकार के नाम पत्र भेजते हुए निधि की मांग की थी. सरोवर के जतन एवं विकास प्रारुप अंतर्गत शुरु रहनेवाले कामों को गति देने हेतु सन 2025-26 के आर्थिक वर्ष में निधि उपलब्ध कराए जाने का निवेदन किया गया था.

* अब तक 123.24 करोड की निधि खर्च
इस भव्य विकास प्रकल्प हेतु अब तक कुल 123.24 करोड रुपयों की निधि वितरित की गई है. वहीं अब नए शासन निर्णयानुसार मिली 9.88 करोड रुपयों की निधि को बडे निर्माण कार्यों पर खर्च किया जाएगा. यह निधि मिलने के चलते विकास प्रारुप के प्रलंबित काम पूरे होने में सहायता होगी. साथ ही साथ लोणार सरोवर का कायापलट होने की प्रक्रिया को गति मिलेगी.

* प्रारुप का स्वरुप एवं विकास कार्य
लोणार सरोवर के जतन व संवर्धन हेतु कुल 434.61 करोड रुपयों के संशोधित प्रशासकीय प्रारुप को मान्यता दी गई है. इस प्रारुप के अंतर्गत सरोवर के नैसर्गिक सौंदर्य को अबाधित रखने, परिसर की जैवविविधता की रक्षा करने एवं पर्यटकों के लिए वैश्विक स्तर वाली सेवाएं व सुविधाएं निर्मित करने के लक्ष्य तय किए गए है. जिसके तहत प्रमुख तौर पर सरोवर के किनारे स्थित प्राचीन मंदिरों का जतन करने, पर्यटकों के लिए पादचारी मार्ग बनाने, संरक्षक दीवारों का निर्माण करने, गंदे जल की निकासी व व्यवस्थापन का प्रबंध करने तथा निसर्ग पर्यटन केंद्र को विकसित करने जैसे बडे निर्माण कार्यों का समावेश है.

 

Back to top button