मनपा स्तरीय इंग्लिश क्लब प्रतियोगिता संपन्न
छात्रों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन

अमरावती/दि.10- अमरावती महानगरपालिका के शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित मनपा स्तरीय इंग्लिश क्लब प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. इस पहल का उद्देश्य मनपा शालाओं के विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा के प्रति आत्मविश्वास बढ़ाना और प्रभावी संवाद कौशल विकसित करना है.
बता दें कि, जारी शैक्षणिक सत्र से सभी मनपा स्कूलों में इंग्लिश क्लब की स्थापना की गई है. प्रत्येक स्कूल में एक शिक्षक को ब्रांड एंबेसडर के रूप में नियुक्त किया गया है, वहीं विद्यार्थियों के लिए विशेष अंग्रेजी संवाद आधारित पाठ्यक्रम भी तैयार किया गया है. इसके अंतर्गत साप्ताहिक स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और स्कूल व केंद्र स्तर पर चयन के बाद विजेता टीमों को मनपा स्तरीय स्पर्धा में भाग लेने का अवसर मिला.
यह प्रतियोगिता मनपा उच्च प्राथमिक शाला क्रमांक 14, वडाली में आयोजित की गई, जिसमें मनपा की शिक्षा सभापति वंदना मडघे, शिक्षाधिकारी डॉ. प्रकाश मेश्राम, भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा की निधि अग्रवाल तथा शाला निरीक्षक योगेश पखाले की प्रमुख उपस्थिति रही.
प्रतियोगिता तीन वर्गों-प्राथमिक (कक्षा 1 से 5), उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) और माध्यमिक (कक्षा 9 से 10) में आयोजित की गई. सभी वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले टीमों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए. यह पुरस्कार स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा के सौजन्य से वितरित किए गए. इस प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 5 समूह के तहत प्रथम पुरस्कार मनपा प्राथमिक हिंदी शाला क्र. 12, नागपुरी गेट, द्वितीय पुरस्कार मनपा हिंदी प्राथमिक शाला क्र. 8, बजरंग प्लॉट, तृतीय पुरस्कार मनपा प्राथमिक शाला क्र. 20, नवाथे नगर, कक्षा 6 से 8 समूह के तहत प्रथम पुरस्कार मनपा उच्च प्राथमिक शाला, आकोली, द्वितीय पुरस्कार मनपा शाला, बेनोडा, तृतीय पुरस्कार मनपा उच्च प्राथमिक हिंदी शाला क्र. 11, भाजीबाजार, कक्षा 9 से 10 समूह के तहत प्रथम पुरस्कार मनपा माध्यमिक शाला, जेवड, द्वितीय पुरस्कार मनपा हिंदी कन्या हाईस्कूल, नागपुरी गेट, तृतीय पुरस्कार मनपा कन्या हाईस्कूल, बुधवारा को प्रदान किया गया.
कार्यक्रम में निर्णायक के रूप में कस्तुरबा कन्या इंग्लिश स्कूल की मुख्याध्यापिका साधना चंदेल और होलीक्रॉस इंग्लिश प्राइमरी स्कूल की शिक्षिका विजया काले ने भूमिका निभाई. कार्यक्रम का संचालन राजश्री दाभाडे और कविता चव्हाण ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रियंका हंबर्डे ने किया. आयोजन की सफलता के लिए चेतन आर्वीकर, रोहन वासनिक, अमोल औरंगपुरे, दिनेश बेलकर सहित अन्य सहयोगियों ने विशेष परिश्रम किया.





