अमरावती में गैस डीलर्स को पुलिस सुरक्षा प्रदान

राष्ट्रीय स्तर पर एसो. ने की थी विनती

* नंबर लगाते ही ढाई दिनों में हो रही घरेलू एलपीजी की सप्लाय
* खाडी देश के युद्ध का असर
* गेल के निदेशक प्रा. कोल्हे ने कहा चिंता की कोई बात नहीं
अमरावती/दि.12 – खाडी देशों में भडके युद्ध के कारण भारत वर्ष के घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की सप्लाई पर कथित असर के कारण अमरावती में भी लगातार तीसरे दिन गैस एजेंसियों पर कतारें देखी गई. इस बीच पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया है. गैस एजेंसियों के दफ्तरों पर पुलिस सुरक्षा तैनात की गई है. गैस डीलर्स एसो. के पदाधिकारियों ने बताया कि, खबरदारी की दृष्टि से राष्ट्रीय स्तर पर एसो. ने पुलिस सुरक्षा चाही थी. उसके अनुरुप अमरावती में लगभग 40 सेंटर्स पर पुलिस अथवा होमगार्ड तैनात किये गये हैं. उधर गैस अथॉरिटी इंडिया लिमिटेड गेल के निदेशक प्रा. रविकांत कोल्हे ने अमरावती मंडल से चर्चा करते हुए स्पष्ट कहा कि, महाराष्ट्र में एलपीजी घरेलू सिलेंडर भरपूर मात्रा में न केवल उपलब्ध है, बल्कि नंबर लगाते ही ढाई दिनों में सिलेंडर सप्लाई किया जा रहा है. उन्होंने आरोप किया कि, राजनीतिक दलों ने नाहक होहल्ला मचाकर, इस बारे में अफवाहों को हवा दी. जिसके कारण लोग डर गये और गैस सिलेंडर रिफीलिंग के लिए टूट पडे हैं.
* क्या कहते हैं पदाधिकारी
अमरावती गैस डीलर्स एसो. के पदाधिकारियों से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि, व्यावसायिक सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह रोकी नहीं गई है. इसे आधा कर दिया गया है. दो सिलेंडर हैं तो एक, चार हैं तो दो सिलेंडर दिये जा रहे हैं. उसी प्रकार घरेलू 14 किलो के सिलेंडर भी बुकिंग करने के दो-तीन दिनों में डिलिवर हो रहे हैं. पदाधिकारियों ने कहा कि, सप्लाई जारी है. लोग नाहक डर रहे हैं. अफवाहों का भी असर है कि, गैस एजेंसियों पर भीड उमडी है, जिसके कारण अप्रिय घटना टालने के वास्ते पुलिस को अलर्ट किया गया है. सिटी कोतवाली, राजापेठ थानांतर्गत अधिकांश एजेंसियों पर पुलिस बल अथवा होमगार्ड की सेवा व्यवस्था बनाए रखने में ली जा रही है.
* भरपूर सप्लाई, डरे नहीं
जिला आपूर्ति अधिकारी निनाद लांडे ने भी कहा कि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है. सरकार के निर्देश पर गैस एजेंसियों ने बुकिंग की समयसीमा बढाई है. दो-तीन दिनों में सिलेंडर घर पहुंच मिल रहा है. जिससे डीएसओ लांडे ने अमरावतीवासियों से गैस सप्लाई को लेकर न घबराने का पुनरुच्चार किया है. अमरावती में दैनंदिन खपत की बात करें तो आज ही 8-10 दिनों का स्टॉक रहने की जानकारी भी सूत्रों ने अमरावती मंडल को दी है. वहीं चर्चा यह भी है कि, रुट क्वियर होते ही पूरे भारत में भरपूर मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हो जाएंगे.
* एजेंसियों के बाहर लगी कतारें
शहर के अंबादेवी रोड स्थित देशमुख गैस एजेंसी के बाहर गुरुवार सुबह से ही सैकड़ों नागरिकों की लंबी लाइन देखी गई. सिलेंडर पाने की उम्मीद में लोग अपना रोजमर्रा का कामकाज छोड़कर घंटों कतार में खड़े रहने को मजबूर हैं. कई उपभोक्ताओं का आरोप है कि भुगतान करने के बावजूद उन्हें तत्काल सिलेंडर नहीं दिया जा रहा, बल्कि 4 से 5 दिन बाद का गेट पास थमाया जा रहा है. स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि सिलेंडर वितरण के दौरान किसी प्रकार की अफरा-तफरी या झगड़ा न हो, इसके लिए गैस एजेंसी संचालकों को पुलिस का सहारा लेना पड़ा.
* भोजन बनाने की समस्या मुंहबाये
देशमुख गैस एजेंसी में चार से पांच पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है. गैस की किल्लत के कारण आम नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है. गृहिणियों के सामने सबसे बड़ी समस्या भोजन बनाने की खड़ी हो गई है. शहरवासियों ने प्रशासन और गैस कंपनियों से मांग की है कि रसोई गैस की आपूर्ति तुरंत बढ़ाई जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके और रोजमर्रा का जीवन सामान्य हो सके.
* 4-5 दिनों बाद का गेट पास
उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी में भुगतान करने के बाद भी तुरंत सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है. कई लोगों को 4 से 5 दिन बाद का गेट पास थमाया जा रहा है. इससे नागरिकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. स्थिति बिगडती देख पुलिस प्रशासन की सहायता ली जा रही है. इसके बावजूद कतारे कम होने का नाम नहीं ले रही है. शहरवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो आनेवाले दिनों में हालात और विस्फोटक हो सकते हैं.
* दो हजार का सिलेंडर तीन हजार में
कमर्शियल सिलेंडर के रेट भी सरकार ने 115 रुपए बढा दिये थे. उसके बावजूद ऐसे सिलेंडर पर राशनिंग कडी किये जाने से होटल से लेकर कैटरर व्यवसायी दिक्कत में आ गये है. जिसके कारण शहर में छोटी कंपनियों के व्यावसायिक सिलेंडर धडल्ले से डेढ गुना दाम लेकर बेचे जा रहे हैं. वैवाहिक कार्यक्रमों की रेलचेल जारी रहने से कैटरर्स को यह सिलेंडर मुंह मांगे दाम पर खरीदना पड रहा है. वे खरीद रहे हैं. सरकार की जांच टीमें पता नहीं कहां काम अथवा देखरेख कर रही हैं. जिसके कारण अधिकारियों को लेकर भी आशंकाएं बतायी जा रही. उनकी सांठ-गांठ के आरोप सामान्य अमरावतीवासी कर रहे हैं.

Back to top button