मोर्शी में फर्जी डॉक्टरों के बढ़ते जाल पर सवाल

मरीजों की जान से खिलवाड़ का आरोप

मोर्शी /दि.17- मोर्शी शहर में कथित फर्जी डॉक्टरों की बढ़ती संख्या को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. आरोप है कि बिना मान्यता प्राप्त चिकित्सकीय डिग्री और आवश्यक पात्रता के कुछ लोग शहर के विभिन्न क्षेत्रों में क्लीनिक संचालित कर मरीजों का इलाज कर रहे हैं, जिससे लोगों के स्वास्थ्य और जीवन पर खतरा मंडरा रहा है.
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि कुछ कथित चिकित्सक मरीजों को स्टेरॉयड युक्त इंजेक्शन लगा रहे हैं. चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे इंजेक्शनों का अनावश्यक या गलत तरीके से उपयोग करने पर किडनी, लीवर सहित शरीर के अन्य अंगों पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं. यह भी दावा किया जा रहा है कि कुछ क्लीनिकों में इस प्रकार की दवाओं और इंजेक्शनों का बड़ा भंडार मौजूद है. इसके अलावा, कुछ कथित फर्जी डॉक्टरों पर बिना आवश्यक विशेषज्ञता और वैधानिक अनुमति के बवासीर (पाइल्स) जैसी बीमारियों की सर्जरी करने के भी आरोप लगाए जा रहे हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि इस प्रकार की अवैध शल्य चिकित्सा मरीजों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है.
बताया गया है कि इससे पहले शहर के पंजीकृत चिकित्सकों ने स्वास्थ्य विभाग को लिखित शिकायत देकर फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी. हालांकि, शिकायत के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी व्यक्त की जा रही है. आरोप है कि संबंधित क्लीनिक आज भी खुलेआम संचालित हो रहे हैं. शहर के नागरिकों और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि सभी संदिग्ध क्लीनिकों की निष्पक्ष जांच कराई जाए. यदि कोई व्यक्ति बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के इलाज करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वालों पर रोक लग सके.

Back to top button