प्रभाग क्र. 12 में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना ही पहली प्राथमिकता

पार्षद राधा राजू कुरील ने प्रभाग विकास के लिए रखे प्रमुख संकल्प

अमरावती /दि.13 – अमरावती महानगर पालिका के प्रभाग क्र. 12 स्वामी विवेकानंद-बेलपुरा की नव-निर्वाचित पार्षद राधा राजू कुरील ने अपने प्रभाग के समग्र विकास और नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण संकल्प और योजनाएं सामने रखी हैं. उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य प्रभाग की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और सामाजिक विकास को गति देना है.
दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ विशेष तौर पर बातचीत करते हुए पार्षद राधा राजू कुरील ने बताया कि उनका सबसे पहला लक्ष्य प्रभाग को साफ-सफाई की समस्या से मुक्त कराना है, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके. उन्होंने आगे कहा कि प्रभाग में ऐसे छात्र जो यूपीएससी और एमपीएससी सहित अन्य कई तरह की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण घर पर पढ़ाई नहीं कर पाते, उनके लिए निशुल्क डिजिटल अभ्यासिका (स्टडी सेंटर) शुरू करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए उचित वातावरण मिल सके.
इसके अलावा उन्होंने प्रभाग के विकास के लिए कई अन्य योजनाओं की भी घोषणा की, जिनमें प्रभाग में नए गार्डन विकसित करना, बच्चों के लिए खेल के मैदान उपलब्ध कराना, महिला और बच्चों की सुरक्षा के लिए मुख्य चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना, महिलाओं के बचत समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों की बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध कराना, वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘नाना-नानी पार्क’ जैसे विश्राम स्थल विकसित करना, महानगरपालिका के माध्यम से महिलाओं को लघु उद्योग प्रशिक्षण और बैंक ऋण सुविधा दिलाकर आत्मनिर्भर बनाना, ज्येष्ठ नागरिकों के लिए मनोरंजन कक्ष और वाचनालय की व्यवस्था करना, लड़कियों को आत्मरक्षा के लिए जूडो-कराटे प्रशिक्षण केंद्र शुरू करना जैसे कामों का समावेश है.
इसके साथ ही पार्षद राधा राजू कुरील ने कहा कि प्रभाग के नागरिकों के सहयोग से इन सभी योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके. साथ ही साथ पार्षद राधा कुरील का यह भी कहना रहा कि, उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल के दौरान प्रभाग में कई काम शुरु करवाए थे, जो प्रशासक राज के दौरान भी आधे-अधूरे पडे रहे. ऐसे में उन सभी कामों को पहली प्राथमिकता के साथ पूरा कराने की ओर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

Back to top button