गावठी शराब के अड्डे पर छापा, 300 लीटर शराब नष्ट
क्राइम ब्रांच के दल की फ्रेजरपुरा थाना में कार्रवाई

अमरावती/दि.13– क्राइम ब्रांच के दल ने फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में चलने वाले गावठी शराब के अड्डे पर सोमवार 13 अप्रैल को छापा मारकर 100 लीटर हाथभट्टी शराब और 200 लीटर कच्चे माल समेत कुल 300 लीटर का माल नष्ट कर दिया. इस माल की कीमत 75 हजार रुपए बतायी जाती है. आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी का नाम वासुदेव तुकाराम श्रीनाथ (60) है.
जानकारी के मुताबिक, फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच का दल पेट्रोलिंग कर रहा था, तब उन्हें जानकारी मिली कि, भुईपुरा, वडाली इलाके में एक व्यक्ति अपने घर के सामने अवैध रूप से हाथ भट्टी शराब तैयार कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर छापा मारा, जहां आरोपी वासुदेवराव तुकाराम श्रीनाथ (60) को अवैध शराब बनाते हुए पकड़ा गया. पुलिस ने मौके से करीब 100 लीटर तैयार हाथ भट्टी शराब और 200 लीटर कच्चा माल बरामद किया. इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरणों और सामग्री को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.इस पूरी कार्रवाई में कुल 75 हजार रुपये का अवैध माल जब्त किया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ फ्रेजरपुरा पुलिस स्टेशन में महाराष्ट्र दारूबंदी कानून की धारा 65(क)(फ)(ड) के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर में अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे. इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल है.





