नौकरी दिलाने के नाम पर साढ़े सात लाख की ठगी
दो आरोपियों पर मामला दर्ज

यवतमाल/दि.13– चंद्रपुर जिला परिषद में स्वास्थ्य कर्मी की नौकरी दिलाने का लालच देकर एक सेवानिवृत्त शिक्षक से 7 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. इस प्रकरण में वणी पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
जानकारी के अनुसार, आरोपियों की पहचान सुरेंद्र गास्कर (62 वर्ष, घोंसा, एच.एम. चिखलगांव) और सचिन सुरेश गरघाटे (51 वर्ष, निवासी चंद्रपुर) के रूप में हुई है. ठगी का शिकार हुए सेवानिवृत्त शिक्षक का नाम सुरेंद्र बोबड़े (निवासी चिखलगांव) बताया गया है. आरोप है कि दोनों ने बोबड़े के बेटे को चंद्रपुर जिला परिषद में स्वास्थ्य कर्मी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे 7 लाख 50 हजार रुपये की मांग की. इस दौरान आरोपियों ने 7 लाख रुपये चेक के माध्यम से और 50 हजार रुपये नकद प्राप्त कर लिए.फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है.





