दर्यापुर में नायलॉन मांजा से महिला घायल, हेलमेट ने बचाई जान
शिवार नाका इलाके में हुआ हादसा

* भाजयुमो के शहर सचिव विजय चव्हाण ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया
दर्यापुर/दि.14 – दर्यापुर के शिवार नाका इलाके में दोपहिया वाहन से जा रही एक महिला नायलॉन की रस्सी की चपेट में आकर घायल हो गई. गनीमत रही कि महिला ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उसकी जान बच गई. घटना 13 अक्टूबर की है. हादसे के बाद भाजपा युवा मोर्चा के दर्यापुर शहर सचिव विजय चव्हाण ने तुरंत मदद करते हुए घायल महिला को दर्यापुर के उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया. फिलहाल महिला की हालत ठीक बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक खल्लार निवासी पूजा डीके दोपहिया वाहन से जा रही थीं. इसी दौरान शिवार नाका क्षेत्र में नायलॉन मांजा की चपेट में आने से वह घायल हो गईं. घटना के बाद विजय चव्हाण ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया. शिवार नाका क्षेत्र में हुई इस घटना ने एक बार फिर नायलॉन मांजा से होने वाले खतरों को उजागर किया है. सड़क पर इस तरह का मांजा दोपहिया वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं. मांजा गर्दन या चेहरे पर लगने से गंभीर चोट लगने की आशंका रहती है. ऐसे में नायलॉन मांजा के खतरनाक इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है.
* विजय चव्हाण की तत्परता की सराहना
हादसे के दौरान विजय चव्हाण ने घायल महिला की मदद करते हुए उसे तत्काल उपजिला अस्पताल पहुंचाया. वह भाजपा युवा मोर्चा के दर्यापुर नगर अध्यक्ष मृणाल पाटिल इंगले की टीम में शहर सचिव के रूप में कार्यरत हैं. उनकी तत्काल कार्रवाई की सराहना की जा रही है.
* हेलमेट पहनने की अहमियत फिर उजागर
इस घटना ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की आवश्यकता को एक बार फिर रेखांकित किया है. हेलमेट दुर्घटना के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने के जोखिम को कम करने में मदद करता है. वाहन चालकों को नियमित रूप से हेलमेट पहनना चाहिए. साथ ही प्रशासन को नायलॉन के खतरनाक मांजे के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए.





