विवाहिता की हुई थी संदिग्ध मौत
कांगारपुरा में भिडे दो परिवार

* हालही में जेल से जमानत पर छूटे हैं कुछ लोग
अमरावती/दि.14- कांगारपुरा में मंगलवार रात दो परिवार के बीच जबरदस्त राडा हो गया. जिसमें काफी लोगों को चोटें आने और अस्पताल ले जाने की नौबत आई. पुलिस ने शिकायतों के आधार पर विविध धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है. बताते हैं कि, एक परिवार की विवाहिता की संदिग्ध मृत्यु के प्रकरण में पकडे गए दो आरोपियों की हालही में जमानत पर जेल से रिहाई हुई है. जमानत के विषय में ही यह झगडा होने की प्राथमिक जानकारी है. पुलिस अधिक जांच में जुटी हैं. महिला उपनिरीक्षक तेजल शिंदे तहकीकात कर रही है.
पुलिस ने आफरिन बानो अन्सार अहमद (28) की शिकायत पर 6 महिलाओं सहित 15 लोगों के खिलाफ बीएनएस की अनेक धाराओं में केस दर्ज किया है. शिकायत में कहा गया कि, आफरिन बानो कांगारपुरा में सहपरिवार रहती है. उन्हीं के घर के पासपडोस में सभी रिश्तेदार रहते हैं. नागपुर के मोबीनपुरा में 19 वर्ष की नवविवाहिता की मृत्यु हो गई थी. उसके आरोप में आफरिन बानो के भाई और पिता को जेल हुई थी. गत 12 अक्तूबर को ही वे जमानत पर रिहा हुए है. आफरिन बानो के भाई के ससुर भी उनके घर के पास रहते है. 13 अक्तूबर की दोपहर 12.30 बजे 6 महिला आरोपियों ने आफरिन के घर के सामने आकर उसकी सास से गाली-गलौज की. आपने जमानत क्यों ली, इस बात पर झगडा करके गालियां बकने तक ही न रुके, बल्कि सास के बाल खींच लिए.
आफरिन बानो घटना की शिकायत थाने में देने गई, तो उसकी सास ने फोन लगाकर बताया कि, लगभग 14-15 आरोपी घर के सामने आए है. सब बाहर निकलो कहकर एक आरोपी ने घर के पीछे का सीसीटीवी कैमरा हॉकी स्टीक से तोड डाला. गालिया बकी, धमकियां दी. आफरिन बानो का देवर उन्हें समझाने गया, तो उसे भी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई. शिकायत में कहा गया कि, आरोपियों ने इस वारदात की प्लानिंग 15 दिन पहले ही सौदागरपुरा में रची थी. शिकायतकर्ता आफरिन बानो द्वारा घर के सामने आकर उसे और रिश्तेदारों को मारपीट कर धमकी देने, सीसीटीवी कैमरा तोड देने, नुकसान करने की शिकायत पर आरोपी अब्दुल रहेमान अब्दुल रशीद (50) सहित 14 लोगों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 189 (2), 190, 191 (2), 324, 115 (2), 352, 351 (2) अंतर्गत अपराध दर्ज किया है.




