और कितने विद्यार्थियों की मौतों का हैं इंतजार
आईआईटी मुंबई छात्र की मौत पर भडके अभिजीत दीपके

* सरकार से पूछा, अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई शुरू
मुंबई /दि.19- आईआईटी मुंबई में द्वितीय वर्ष के एक छात्र की मौत के बाद परिसर में हड़कंप मच गया है. घटना के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके ने राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि दूरदराज के आदिवासी क्षेत्रों से लेकर मुंबई जैसे महानगर तक विद्यार्थियों के जीवन से जुड़ा संकट सामने आ रहा है. उन्होंने सवाल किया कि विद्यार्थियों के जीवन को प्राथमिकता देने के लिए आखिर और कितने विद्यार्थियों की जान जाने का इंतजार किया जाएगा.
सीजेपी मुखिया अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि दूरदराज के आदिवासी क्षेत्रों में भी विद्यार्थियों की मौत की घटनाएं सामने आ रही हैं और अब मुंबई जैसे महानगर में भी ऐसी घटना हुई है. उन्होंने विद्यार्थियों के जीवन को प्राथमिकता देने और इस दिशा में ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई. उनकी पोस्ट के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया.
वहीं दूसरी ओर घटना के बाद आईआईटी मुंबई की ओर से जारी स्पष्टीकरण में बताया गया कि मृत छात्र एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक के द्वितीय वर्ष में अध्ययनरत था. संस्थान के अनुसार, परीक्षा के दिन छात्र को मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था. संस्थान का दावा है कि छात्र ने प्रश्नपत्र चैट-जीपीटी पर अपलोड कर उसके आधार पर उत्तर लिखने का प्रयास किया था. आईआईटी मुंबई ने स्पष्ट किया कि इस घटना के संबंध में छात्र के खिलाफ कोई औपचारिक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी. विभागाध्यक्ष और परीक्षा से जुड़े प्राध्यापकों ने छात्र से बातचीत की थी तथा उसे समझाया गया था. संस्थान के अनुसार, छात्र को यह भी बताया गया था कि इस घटना से उसके करियर पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. इसके बाद छात्र अपने छात्रावास के कमरे में चला गया, जहां बाद में वह मृत अवस्था में पाया गया.
* 400 से अधिक विद्यार्थियों ने किया प्रदर्शन
घटना के बाद आईआईटी मुंबई परिसर में विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया. रिपोर्ट के अनुसार, 400 से अधिक विद्यार्थी इस आंदोलन में शामिल हुए. विद्यार्थियों ने संस्थान में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित विभिन्न मांगें प्रशासन के सामने रखीं. प्रदर्शन के बाद संस्थान में चल रही मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं. आईआईटी मुंबई ने छात्र की मौत पर दुख व्यक्त किया है. इस बीच, छात्र की मौत के कारणों और घटना से पहले की परिस्थितियों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं. अभिजीत दीपके ने इसे विद्यार्थियों के मानसिक दबाव और उनकी समस्याओं से जोड़ते हुए सरकार से जवाब मांगा है, जबकि संस्थान ने अपने स्तर पर छात्र के खिलाफ किसी कार्रवाई की शुरुआत नहीं किए जाने की बात कही है.





