शिवधारा वार्षिक महोत्सव में तीन दिनों तक धार्मिक, सामाजिक और सेवा गतिविधियों का आयोजन

संपादक नानक आहूजा को शिवधारा जीवन गौरव सम्मान

जनार्दन बोथे गुरुजी और सुदर्शन गांग जैन का भी सत्कार
अमरावती/दि.1 – सिंधु नगर स्थित पूज्य शिवधारा आश्रम में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 18, 19 और 20 सितंबर को 1008 सतगुरु स्वामी शिवभजन जी महाराज के जन्मदिन अवतरण महोत्सव के रुप में शिवधारा वार्षिक महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य जांच, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जरुरतमंदों को सहायता प्रदान करने जैसी विविध गतिविधियां आयोजित की गई.
महोत्सव के तीसरे दिन 20 सितंबर की संध्याकालीन सभा में शिवधारा जीवन गौरव सम्मान से विशेष रुप से परम पूज्य जनार्दन बोथे गुरुजी, सुदर्शन गांग जैन तथा प्रतिदिन अखबार एवं वृत्त केसरी के संस्थापक संपादक नानक आहूजा को सम्मानित किया गया. पत्रकारिता और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए शिवधारा परिवार की ओर से उन्हें सम्मान प्रदान किया गया. नानक आहूजा का सम्मान समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा.
* धार्मिक ग्रंथों का पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रम
तीन दिवसीय महोत्सव में श्री शिव महापुराण, श्री रामायण, श्रीमद् भागवत महापुराण, श्री गुरु ग्रंथ साहिब एवं श्री शिवधारा अमृत ग्रंथ साहिब का पाठ और पारायण किया गया. सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा नाटिका के माध्यम से गुरुदेव भगवान के जीवन और उनके संदेशों को श्रद्धालुओं तक पहुंचाया गया. इस अवसर पर जरुरतमंदों के लिए अनाज, किराना सामग्री, दवाइयां, सब्जियां आदि वितरित की गई. तीनों दिन महाप्रसाद की अखंड व्यवस्था रही. महाआरती के बाद पल्लव के साथ शिवधारा वार्षिक महोत्सव का समापन हुआ.
* प्रसिद्ध डॉक्टर ने दी निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं
महोत्सव के दौरान शिवधारा मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. इसमें शहर के प्रसिद्ध चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान की. शिविर में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. श्याम राठी, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज राधानी, उदर रोग विशेषज्ञ डॉ. राम गट्टानी, चर्मरोग विशेषज्ञ डॉ. अंशु चांडक, जनरल फिजिशियन डॉ. सूरज भूतडा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनम हरवानी, जनरल सर्जन डॉ. वेंकटेश जयसवाल, वात रोग विशेषज्ञ डॉ. राधिका भूतडा, जनरल सर्जन डॉ. जयश्री इंगोले और दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. रोशन चांदवानी ने मरीजों की जांच कर अपनी सेवाएं दी. शिविर का उद्घाटन सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने किया.
* विधायक रवि राणा और महापौर श्रीचंद तेजवानी की उपस्थिति
महोत्सव में विधायक रवि राणा तथा महापौर श्रीचंद तेजवानी भी विशेष रुप से उपस्थित रहे. आयोजन में अमरावती के अलावा आर्वी, परतवाडा, अकोला, यवतमाल, वणी, नागपुर, भुसावल, जलगांव, डोंडाईचा, सूरत, नंदुरबार, शहादा, जामनगर, केशोद, जबलपुर, अयोध्या, बेलगाम, चक्करभाटा, पिंपरी, झांसी और गंगानगर सहित विभिन्न शहरों से श्रद्धालु पहुंचे. शिवधारा परिवार ने दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं की सेवा को अपना सौभाग्य मानते हुए तीनों दिनों तक महाप्रसाद, अन्य व्यवस्थाएं सुचारु रुप से संचालित की. धार्मिक आस्था के साथ सेवा, सामाजिक सरोकारों से जुडे आयोजन के कारण इस वर्ष का शिवधारा वार्षिक महोत्सव विशेष रुप से उल्लेखनीय रहा.

* देशभर से पहुंचे संत और कलाकार
महोत्सव में विभिन्न राज्यों से संतों और भजन गायकों ने सहभागिता की. छत्तीसगढ से साईं लाल दास जी, भुसावल से श्री नारायण बाबा जी, जलगांव से साईं देवीदास जी, मध्य प्रदेश से साईं आसान दास जी, कर्नाटक से परम पूज्य श्री शिव सिद्ध सोमेश्वर महाराज जी, उत्तर प्रदेश से साईं नितिन लाल जी, पुणे से साईं सोनू राम जी, गुजरात से साईं भरत लाल जी, मोजरी से परम पूज्य जनार्दन बोथे गुरुजी, अमरावती से साईं दशन लाल जी, साईं राजेश लाल जी कंवर और सुश्री रामप्रया देवी जी ने विशेष रुप से अपनी सेवाएं प्रदान की. भजन गायन में गंगानगर राजस्थान से लवी भगत, झांसी से उदय भगत, निंबेडा राजस्थान से शिवम भगत, अमरावती से गिरीश नारायण एवं लक्की भगत ने प्रस्तुति दी.

Back to top button