श्रीमती नरसम्मा चषक 2026 राज्यस्तरीय वक्तृत्व स्पर्धा उत्साह के साथ संपन्न

वरिष्ठ वर्ग में प्रथमेश धायगुडे और कनिष्ठ वर्ग में शिवांजली केवले ने हासिल किया प्रथम स्थान

अमरावती /दि.1- किरण नगर स्थित श्रीमती नरसम्मा कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय में बुधवार 30 सितंबर को ‘श्रीमती नरसम्मा चषक 2026’ राज्यस्तरीय अंतरमहाविद्यालयीन वक्तृत्व प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया. प्रतियोगिता में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ महाविद्यालयीन वर्ग के कुल 42 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया.
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता संस्था के विश्वस्त श्रीकांतजी कालीकर ने की, जबकि उमरखेड के साकले विद्यालय के आनंदीदास महाराज उद्घाटक के रूप में उपस्थित रहे. इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश चंदनपाट, पूर्व विद्यार्थी अनिरुद्ध महाजन तथा प्रतियोगिता समन्वयक प्रा. पंकज वानखेडे और प्रा. डॉ. शीतल खापरे उपस्थित थे. कार्यक्रम का प्रास्ताविक डॉ. पंकज वानखेडे ने किया. संचालन प्रा. पद्मा कडू ने किया, जबकि आभार प्रा. सुवर्णा प्रचंड ने माना.
* तीन विषयों पर हुई प्रतियोगिता
प्रतियोगिता के तीसरे वर्ष के अवसर पर इस वर्ष तीन विषय निर्धारित किए गए थे. इनमें ‘नागरिक शिष्टाचार का पालन-राष्ट्र उन्नति के लिए आवश्यक’, ‘संत शिरोमणि रविदास : सामाजिक समरसता के अग्रदूत’ तथा ‘वंदेमातरम् : भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का प्रेरणादायी मंत्र’ विषय शामिल थे.
* वरिष्ठ वर्ग में प्रथमेश धायगुडे प्रथम
वरिष्ठ महाविद्यालयीन वर्ग में सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय के प्रथमेश धायगुडे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. उन्हें नरसम्मा चषक तथा 4 हजार रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया. राधादेवी गोयनका महाविद्यालय, अकोला के आदित्य टोले ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया. उन्हें नरसम्मा चषक तथा 2 हजार 500 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया. प्रोत्साहन पुरस्कार विद्याभारती महाविद्यालय, अमरावती की गुंजन सेवतकर को नरसम्मा चषक एवं पुस्तकों के रूप में प्रदान किया गया.
* कनिष्ठ वर्ग में शिवांजली केवले अव्वल
कनिष्ठ महाविद्यालयीन वर्ग में बियाणी महाविद्यालय, अमरावती की शिवांजली केवले ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. उन्हें श्रीमती नरसम्मा चषक एवं 2 हजार 500 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया. नूतन कन्या कनिष्ठ महाविद्यालय, अमरावती की विदुला पिदडी ने द्वितीय स्थान हासिल किया. उन्हें श्रीमती नरसम्मा चषक एवं 1 हजार 500 रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया. प्रोत्साहन पुरस्कार बी.एन.बी. कॉलेज, दिग्रस की विद्या पवार को चषक एवं पुस्तकों के रूप में दिया गया. प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को महाविद्यालय की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किए गए. वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिता का संचालन क्रमशः प्रा. अरुण मेश्राम और प्रा. सागर बोबडे ने किया.
* समापन समारोह में परीक्षकों की उपस्थिति
समापन समारोह की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष चंद्रशेखरजी भोंदु ने की. प्रमुख अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश चंदनपाट उपस्थित रहे. प्रतियोगिता के परीक्षक के रूप में प्रा. शिवाजी आडे (यवतमाल), पंकज आत्राम (हिंगणघाट), रणदीप बिसने (हिंगणघाट), प्रा. अनुपमा खवसे (परतवाड़ा) तथा मुख्याध्यापिका विद्या मुर्‍हेकर (परतवाड़ा) ने जिम्मेदारी निभाई. समारोह का संचालन एवं आभार प्रदर्शन प्रा. डॉ. शीतल खापरे ने किया. प्रतियोगिता को महाविद्यालय के विद्यार्थियों का भी उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला. आयोजन को सफल बनाने में संस्था, प्राचार्य, सभी प्राध्यापकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

Back to top button