एसटी के बेड़े में शामिल होंगी 200 नई एसी वोल्वो बसें

प्राइवेट ट्रैवल्स को टक्कर देने की तैयारी

250 किमी से अधिक दूरी वाले मार्गों पर चलाने की योजना
अमरावती/दि.1 – लंबी दूरी के यात्रियों को आरामदायक, सुरक्षित और किफायती यात्रा उपलब्ध कराने के लिए महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) अपने बेड़े को आधुनिक बनाने की तैयारी कर रहा है. प्राइवेट लग्जरी बस सेवाओं को विकल्प देने के उद्देश्य से एसटी के बेड़े में जल्द ही 200 अत्याधुनिक एसी वोल्वो बसें शामिल किए जाने की योजना है.
इन बसों को मुख्य रूप से 250 किलोमीटर से अधिक दूरी तथा करीब 5 से 6 घंटे की यात्रा वाले मार्गों पर चलाने की योजना है. इन सेवाओं के माध्यम से लंबी दूरी के यात्रियों को आरामदायक यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा.
* डिमांड के आधार पर तय होंगे रूट
नई एसी वोल्वो अथवा स्लीपर बसें सभी मार्गों पर नहीं चलाई जाएंगी. यात्रियों की संख्या, यात्रा की दूरी, यात्रा में लगने वाला समय, मार्ग पर यात्री मांग तथा आर्थिक व्यवहार्यता का अध्ययन करने के बाद रूट निर्धारित किए जाएंगे. एसटी महामंडल राज्य के प्रमुख शहरों को जोड़ने के साथ ही आवश्यकता के अनुसार अंतरराज्यीय मार्गों पर भी इन बसों को चलाने की योजना बना रहा है. अमरावती विभाग की ओर से भी इन नई बसों की मांग की गई है.
* हॉस्पिटैलिटी पर भी रहेगा जोर
नई बस सेवा में केवल आरामदायक यात्रा ही नहीं, बल्कि यात्रियों को बेहतर हॉस्पिटैलिटी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा. बसों में साफ-सफाई, यात्रियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और बुनियादी सेवाओं के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों की व्यवस्था करने के लिए निजी संस्था की सहायता लेने की योजना बताई गई है.
* मोबाइल से टिकट बुकिंग की सुविधा
नई सेवा के लिए एसटी की मौजूदा ऑनलाइन आरक्षण व्यवस्था के साथ मोबाइल ऐप और ई-टिकटिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसके अलावा निजी डिजिटल ट्रैवल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी टिकट बुकिंग की सुविधा देने की योजना है. इससे यात्रियों को घर बैठे टिकट आरक्षित करने की सुविधा मिलेगी.
* किराया और रियायत पर अभी फैसला बाकी
नई एसी वोल्वो और स्लीपर सेवाओं को लेकर यात्रियों के बीच यह सवाल भी है कि मौजूदा एसटी रियायतें इन सेवाओं पर लागू होंगी या नहीं. इन बसों का अंतिम किराया तथा विभिन्न रियायतों के संबंध में एसटी महामंडल के स्तर पर निर्णय लिया जाएगा. इसके बाद स्थिति स्पष्ट होगी. अमरावती विभाग के नियंत्रक सचिन क्षीरसागर ने बताया कि लंबी दूरी के यात्रियों को एक बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 200 एसी वोल्वो बसों को एसटी के बेड़े में शामिल करने की योजना है. इन बसों की खरीद के साथ-साथ लीज पर लेने का विकल्प भी रखा गया है. एसटी की इस पहल से लंबी दूरी के यात्रियों को प्राइवेट ट्रैवल्स के मुकाबले एक सरकारी परिवहन विकल्प उपलब्ध होने की उम्मीद है. साथ ही आरामदायक बस, ऑनलाइन टिकट बुकिंग और आधुनिक यात्री सुविधाओं के माध्यम से एसटी की लंबी दूरी की सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

Back to top button