अदिति पोहरे कांग्रेस की उम्मीदवार

अमरावती शिक्षक मतदार संघ

* कल दोपहर 1 बजे अदिति पोहरे कांग्रेस में प्रवेश करेगी
* शिक्षक मतदार संघ की सियासी गतिविधि हुई तेज
अमरावती/दि.30 – अमरावती संभाग शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र के 23 अक्तूबर को होने जा रहे प्रतिष्ठापूर्ण इलेक्शन की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई है. बीजेपी के बडे नेताओं ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बीजेपी उम्मीदवार को ही अमरावती से चुनाव लडने का अवसर मिलने की मांग बुलंद की. उधर कांग्रेस में बडी डेवलपमेंट होने जा रही है. अदिति ऋषिकेश पोहरे के पार्टी प्रवेश के पुख्ता समाचार मिले हैं. वे कल 1 अक्तूबर को मुंबई में कांग्रेस मुख्यालय में बडे नेताओं की उपस्थिति में पार्टी में शामिल होगी. इस प्रकार की जानकारी स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों ने अमरावती मंडल को दी है.
* पार्टी को मिला तगडा उम्मीदवार
माना जा रहा है कि, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वास्ते कांग्रेस को अदिति पोहरे के रुप में तगडा प्रत्याशी मिल गया है. अदिति पोहरे को कांग्रेस की उम्मीदवारी मिलना तय माना जा रहा है. उल्लेखनीय है कि, अदिति पोहरे श्री शिवाजी शिक्षा संस्था के अध्यक्ष और राज्य सरकार के पूर्व मंत्री हर्षवर्धन देशमुख की सुपुत्री है. उसी प्रकार किसान नेता प्रकाश पोहरे की पुत्रवधू और दैनिक देशोन्नती के संपादक ऋषिकेश पोहरे की पत्नी है. वे प्राध्यापिका होने के साथ सामाजिक और राजकीय क्षेत्र में एक्टीव है.
* अमरावती के बदलेंगे समीकरण
अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर अदिति पोहरे की एंट्री से यहां के सियासी समीकरण में बडे परिवर्तन की संभावना जानकार देख रहे हैं. अमरावती की सबसे बडी शिक्षा संस्था के अध्यक्ष की वह सुपुत्री है. उसी प्रकार भैयासाहब देशमुख का सहकारिता, शिक्षा और राजकीय क्षेत्र में खासा दबदबा रहा है. इससे भी अदिति पोहरे की उम्मीदवारी दमदार होती दिखाई पड रही है.
* नए राज्य प्रभारी करेंगे स्वागत
कांग्रेस पदाधिकारियों ने अमरावती मंडल को बताया कि, पार्टी के नए राज्य प्रभारी श्रीवेल्ला प्रसाद की उपस्थिति में अदिति पोहरे का अकेले का पार्टी प्रवेश होगा. राज्य के सभी प्रमुख कांग्रेस लीडर्स इस समय उपस्थित रहेंगे. बता दें कि, राज्य में पांच विधान परिषद सीटों पर इलेक्शन होने जा रहे हैं. जिसमें नागपुर की स्नातक निर्वाचन सीट भी शामिल है. ऐसे में कांग्रेस के नए राज्य प्रभारी श्रीवेल्ला प्रसाद ने मुंबई पार्टी मुख्यालय में पहली महत्वपूर्ण बैठक आहूत की है. उसी समय अदिति पोहरे का प्रवेश होगा.

Back to top button