कारंजा नगर परिषद के दो मुख्याध्यापकों समेत तीन की दर्दनाक मौत

तपोवन फाटे के पास दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत

* पिंपलगांव निवासी पल्सर चालक ने भी तोड़ा दम, शिक्षा जगत में शोक की लहर
कारंजा (लाड)/दि.14 – वाशिम जिले में बुधवार 14 अक्टूबर को एक भीषण सड़क हादसे में कारंजा नगर परिषद द्वारा संचालित उर्दू प्राथमिक स्कूल क्रमांक 1 और 2 के दो मुख्याध्यापकों समेत तीन लोगों की मौत हो गई. यह दर्दनाक हादसा आज बुधवार 14 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे शेलूबाजार के पास तपोवन फाटे पर हुआ. दुर्घटना में बजाज पल्सर मोटरसाइकिल के चालक की भी जान चली गई. इस घटना से कारंजा शहर के शैक्षणिक क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है.
जानकारी के मुताबिक कारंजा नगर परिषद के उर्दू प्राथमिक स्कूल क्रमांक-1 के मुख्याध्यापक सैय्यद आबिद हुसैन सैय्यद रऊफ (56) और उर्दू प्राथमिक स्कूल क्रमांक-2 के मुख्याध्यापक नाजिम मोहम्मद नूर मोहम्मद (57) मोटरसाइकिल से कारंजा से वाशिम स्थित प्राथमिक शिक्षा विभाग के कार्यालय जा रहे थे. दोनों स्कूल की संचमान्यता संबंधी कार्य के सिलसिले में जा रहे थे.
इसी दौरान शेलूबाजार के पास तपोवन फाटे पर सामने से तेज रफ्तार में आ रही बजाज पल्सर मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मुख्याध्यापकों और पल्सर चालक की मौत हो गई. हादसे में जान गंवाने वाले पल्सर चालक का नाम पिंपलगांव निवासी विजय गोविंदा चव्हाण है. उनकी मोटरसाइकिल का पंजीकरण क्रमांक एमएच-30/बीवी-6331 बताया गया है.
* जनप्रतिनिधि और शिक्षक घटनास्थल पर पहुंचे
हादसे की जानकारी मिलते ही कारंजा नगर परिषद के गुटनेता बिलाल पुंजानी, उपाध्यक्ष एड. फिरोज शेकुवाले, शिक्षा सभापति जाकिर शेख और नियोजन सभापति नदीम राज सहित मृतकों के परिजन और शिक्षक घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए तीनों को मंगरुलपीर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया.
* शिक्षा जगत में शोक की लहर
दोनों मुख्याध्यापक कारंजा नगर परिषद के शिक्षा विभाग में कार्यरत थे. स्कूल संबंधी काम के सिलसिले में वाशिम जाते समय हुए इस हादसे ने नगर परिषद और शिक्षा जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है. दोनों शिक्षकों के निधन से सहकर्मियों और परिचितों में शोक व्यक्त किया जा रहा है. एक शैक्षणिक कार्य के लिए निकले दोनों मुख्याध्यापकों की इस तरह असमय मृत्यु से कारंजा शहर में दुख का माहौल है.

Back to top button