राज्यसभा चुनाव : भाजपा ने नियुक्त किये केंद्रीय पर्यवेक्षक
चंद्रशेखर बावनकुले को ओडिसा का जिम्मा

* बिहार और हरियाणा के लिए भी नियुक्ति
नई दिल्ली/दि.10 – भाजपा ने राज्य सरकार के चुनाव के लिए अपनी तैयारियां शुरु कर दी है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 16 मार्च को होने वाले मतदान के लिए ओडिसा, बिहार और हरियाणा में अपने अनुभवी नेताओं को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है. महाराष्ट्र सरकार में राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को ओडिसा में राज्यसभा चुनाव की निगरानी के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया है. बावनकुले ने अपनी नियुक्ति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्षा नितिन नवीन का आभार माना. इससे पहले भी वे विविध चुनावों में संगठनात्मक रणनीतिकार की भूमिका निभा चुके है.
भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने सोमवार को तीनों राज्य के लिए नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षकों के नामों की घोषणा की. उन्होंने बताया कि, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी को हरियाणा में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है. भाजपा केंद्रीय नेतृत्व में बिहार में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए दो केंद्रीय पर्यवेक्षक तैनात किये है. छत्तीसगढ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को बिहार का जिम्मा सौंपा गया है.




