मेलघाट की 7 क्षेत्रीय जलापूर्ति योजनाओं की मुंबई में समीक्षा
विधायक केवलराम काले की पहल रंग लाई

अमरावती/मुंबई /दि.26- मेलघाट विधानसभा क्षेत्र में जलापूर्ति योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से राज्य के जलापूर्ति मंत्री गुलाबराव पाटील की अध्यक्षता में मंत्रालय, मुंबई में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में मेलघाट के विधायक केवलराम काले ने भाग लेकर क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया. इस बैठक में मेलघाट क्षेत्र के बागलिंगा, गौलखेडा बाजार, चुरणी, शहापुर, हिराबंबई, गडगा, रानापीसा सहित आसपास के गांवों में चल रही 7 क्षेत्रीय जलापूर्ति योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई. साथ ही जल जीवन मिशन के तहत संचालित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई.
इस दौरान जलापूर्ति योजनाओं के जल स्रोत, वर्तमान स्थिति, कार्यों की प्रगति, सामने आ रही समस्याएं और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. ग्रामीण क्षेत्रों के हर घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया.
बैठक में विधायक केवलराम काले ने मेलघाट के दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में व्याप्त जलसंकट का मुद्दा उठाते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने की मांग की. उन्होंने जलसंकट से प्रभावित क्षेत्रों के लिए स्थायी समाधान लागू करने की आवश्यकता पर भी बल दिया. वहीं मंत्री गुलाबराव पाटील ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए और नागरिकों को निरंतर व स्वच्छ जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए.
इस बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और पदाधिकारियों ने उपस्थित रहकर चर्चा में हिस्सा लिया. साथ ही अपनी ओर से जरुरी सुझाव भी दिए.





