रोहित पवार ने की नितीन गडकरी से मुलाकात
दो प्रकल्पों में अजीत पवार का नाम देने की मांग

* विमान हादसे पर हुई चर्चा
नई दिल्ली/दि.12 – बारामती में हुए विमान हादसे में दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की मृत्यु के बाद मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई हैं. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायकों ने इस दुर्घटना की सीबीआई जांच की मांग उठाई हैं.
विधायक रोहित पवार डीजीसीए की रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विमानसेवा से जुडी कंपनी के मालिकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही हैं. क्योंकि उनके नागरिक उद्दयन मंत्री से सीधे संबंध बताए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस मामले की पारदर्शी जांच के लिए दिल्ली में विभिन्न दलों के नेताओं से मुलाकात कर समर्थन जुटाया जा रहा है. इसी क्रम में रोहित पवार ने केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी से मुलाकात कर दुर्घटना के मुद्दे पर चर्चा की. उन्होंने यह भी कहा कि संसद सत्र के दौरान इस मामले को उठाने के लिए विपक्षी गठबंधन के नेताओं से संपर्क किया जा रहा हैं और सांसद सुप्रीया सुले की मदद से इंडिया गठबंधन के नेताओं से संवाद जारी हैं.
रोहित पवार ने बताया कि इससे पूर्व उन्होंने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भी मुलाकात कर इस मुद्दे पर चर्चा की थी. उनका कहना है कि कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के सभी पार्टियां इस दुर्घटना की पारदर्शी जांच की मांग करेंगी. इस मुलाकात के दौरान रोहित पवार ने केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी से पुणे रिंगरोड, तलेगांव-चाकण-शिक्रापुर उन्नत महामार्ग और पुणे- शिरूर उन्नत महामार्ग का नाम स्व. अजीत पवार के नाम पर रखने का अनुरोध भी किया. इस पर गडकरी ने कहा कि ऐसे निर्णय के लिए निर्धारित प्रक्रिया होती है और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाती है. इस बीच रोहित पवार ने दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट परिसर में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी से भी मुलाकात की. उन्होेंने विमान हादसे से संबंधित एकत्रित दस्तावेज उन्हें सौंपे और कानूनी पहलुओं पर परामर्श लिया. रोहित पवार ने कहा कि चाहे कितनी भी बाधाएं आए, इस मामले में सच्चाई सामने लाने और दोषियों को सजा दिलाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे.





