अपनी बेटी को मेरे पास भेज, 10 हजार रुपए दूंगा!
कस्टडी में रहनेवाली महिला आरोपी से की गई अश्लील मांग

* ‘लंपटगीरी’ करनेवाला एएसआई निलंबित, मामला दर्ज
अकोला/दि.1 – अकोला जिले से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है. सिविल लाइन पुलिस थाने में तैनात सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) राजेश जाधव को महिला आरोपी से अश्लील मांग करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार, आर्थिक धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार महिला को पुलिस हिरासत में रखा गया था. इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद एएसआई राजेश जाधव ने महिला से के सामने खुद को शरीरसुख देने की मांग रखने के साथ ही कथित तौर पर उसकी बेटी को एक रात के लिए भेजने की मांग की और इसके बदले 10 हजार रुपए देने का लालच दिया. इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
पता चला है कि, ‘लंपटगीरी’ करते हुए अपने सामने बेहद ही घटिया व अश्लील मांग रखनेवाले एएसआई राजेश जाधव की शिकायत पीड़ित महिला ने वरिष्ठ अधिकारियों से की, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पुलिस अधिकारी को निलंबित कर दिया गया और उसके खिलाफ विनयभंग सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
बताया जा रहा है कि इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी आरोपी एएसआई को यह कहते हुए फटकार लगाते दिखाई दे रहे हैं कि, तुमने पुलिस की वर्दी पहनी है और इसके बावजूद तुम इस तरह का कृत्य कर रहे हो, इसके लिए तुम्हें शर्म आनी चाहिए. इसके साथ ही उक्त वरिष्ठ अधिकारी द्वारा आरोपी एएसआई पर हाथ भी छोडने का प्रयास किया गया. लेकिन चूंकि उस वक्त एएसआई राजेश जाधव पुलिस की वर्दी में था. जिसके चलते संबंधित वरिष्ठ अधिकारी ने खुद को नियंत्रित किया.
उल्लेखनीय है कि, इस समय राज्य में महिलाओं के खिलाफ शोषण व अत्याचार की घटनाओं को लेकर पहले ही अच्छा-खासा हंगामा मचा हुआ है. वहीं अब इस प्रकरण के उजागर होने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. इस मामले ने यह चिंता बढ़ा दी है कि यदि पुलिस हिरासत में भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाना आवश्यक है. फिलहाल, पुलिस विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है.





