160 से अधिक सीसीटीवी का सर्विलान्स
अंबा-एकवीरा संस्थानों में नवरात्रि की तैयारी लगभग पूर्ण

* कतारबध्द होकर लेने होंगे दर्शन
अमरावती/ दि. 6- अंबा नगरी के सबसे बडे पर्व शारदीय नवरात्रि उत्सव हेतु दोनों ही संस्थानों में दर्शन प्रबंध से लेकर सुरक्षा इन्तजाम लगभग पूर्ण कर लिए गए हैं. यहां प्रतिवर्ष केवल नवरात्रि में ही लगभग 10 लाख श्रध्दालु उमडते हैं. ऐसे में नाना प्रकार की सुविधाओं के साथ ही सुरक्षा को महत्व दिया जा रहा है. कुल 160 से अधिक सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रहेगी. आज पुलिस प्रशासन ने यहां के दर्शनार्थियों की दर्शन व्यवस्था और अन्य बातों का निरीक्षण किया. संस्थान के पदाधिकारियों ने उन्हें संपूर्ण जानकारी दी. जिसमें महिलाओं के लिए अलग कतार और मार्ग रहने के साथ उसमें भी देवी की गोद भरने अर्थात ओटी के लिए खास लाइन रखे जाने के बारे में बतलाया. पुलिस प्रशासन ने 150 कर्मचारी और होमगार्ड वहां 24 घंटे तैनात करने के बारे में बतलाया है. बता दे कि आगामी रविवार 11 अक्तूबर से शारदीय नवरात्रि उत्सव का मंगल प्रारंभ हो रहा है.
अंबादेवी में तडके 4.30 बजे घटस्थापना
मंगल कलश की स्थापना अंबादेवी में रविवार तडके 4.30 बजे रवींद्र कर्वे दंपति के हस्ते पुरोहितों के देवी मंत्रोंच्चार के संग किया जाएगा. सप्तशती पाठ प्रात: 7.30 बजे होगा. उससे पूर्व शनिवार 10 अक्तूबर को प.पू. सचिन देव महाराज को निमंत्रण दिया जाएगा. रविवार प्रात: 8.30 बजे डॉ. जयंत पांढरीकर के हस्ते ध्वजारोहण होगा. तपोवन के बांधवों की दर्शन व्यवस्था अगले दिन सोमवार 12 अक्तूबर को दोपहर 1 से 2 बजे के दौरान रहने की जानकारी अंबादेवी विश्वस्त मंडल ने दैंनिक अमरावती मंडल को दी. उन्होंने बताया कि सचिन देव महाराज के प्रवचन होंगे.
*सुवासिनी का भोज 15 को
अंबादेवी संस्थान में गुरूवार 15 अक्तूबर को ललिता पंचमी उपलक्ष्य केवल महिलाओं के लिए दोपहर 12 से 2 बजे दौरान सुवासिनी भोजन प्रसादी रखी है. सोमवार 19 अक्तूबर को प्रात: 9.30 बजे श्री सचिनदेव महाराज के प्रवचन परिपूर्ण होंगे. उसी प्रकार सुबह 11.30 बजे से नवमी का चंडी याग प्रारंभ होगा. यज्ञ में डॉ. जयंत पांढरीकर, रवींद्र खांडेकर दंपति यजमान होंगे.
* सीमोल्लंघन 20 अक्तूबर को
श्री अंबादेवी पालखी सीमोल्लंघन मंगलवार 20 अक्तूबर को दोपहर 4 बजे होगा. इसमें व्यवस्था अशोक खंडेलवाल और अन्य ट्रस्टी गण संभालेंगे. शारदीय नवरात्रि उपलक्ष्य सभी आयोजनों में सहभागी होने का आवाहन विश्वस्त मंडल ने किया हैं.
* एकवीरा में रोज अन्नक्षेत्र सेवा
एकवीरा देवी संस्थान के अध्यक्ष टेंबे ने बताया कि, संस्थान के अपने 40 से अधिक सीसीटीवी लगे हैं. उसी प्रकार रोज उमडने वाली लाखों दर्शनार्थियों की संख्या देखते हुए सभी इंतजाम किए गए है. भाविकों के लिए नाना प्रकार की सुविधाएं एकवीरा संस्थान करने जा रहा है. जिसमें सबसे महत्वपूर्ण सुविधा अन्नक्षेत्र की है. दोपहर 11 से 2 बजे तक अन्नक्षेत्र संचालित रहेगा. जिसमें 4-5 हजार श्रद्धालुओं के भोजन प्रसादी का प्रबंध होगा. उन्होंने बताया कि, भाविकों की वाहनों की पार्किंग से लेकर उनके दर्शन सुलभ और तत्पर करने के प्रबंध किए गए हैं. भाविकों का भी उतना ही सहकार्य अपेक्षित है. उन्होंने पूरे 10 दिनों की नवरात्रि दौरान अनेकानेक भजनी मंडलों के कीर्तन आदि के आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि, महाअष्टमी और महानवमी के विशेष यज्ञ व अनुष्ठान नित्य की भांति होंगे. उन्होंने बताया कि, संपूर्ण कार्यकारिणी और संस्थान के दर्जनों स्थायी कर्मचारी, सैकडों उत्सव कर्मचारी एवं सेवादार रविवार से प्रारंभ हो रही शारदीय नवरात्रि के लिए उत्सुक है. दस दिनों की नवरात्रि पश्चात सीमोलंघन का आयोजन 20 अक्तूबर को दोपहर 4 बजे होगा. उन्होंने बताया कि, भक्तों के दर्शन का प्रबंध सदा की तरह सुलभ किया गया है. महिला और पुरुषों की कतारें भिन्न-भिन्न रहने के साथ उनके मंदिर से बाहर निकलने का भी अलग, सुरक्षित इंतजाम है. ऐसे ही सभी प्रकार की सावधानी बरती जा रही है. हर समय पुलिस और होमगार्ड का सुरक्षा प्रबंध रहेगा ही. संस्थान के ट्रस्टी गण भी सर्वतोपरि रुप से तत्पर रहेंगे. सचिव सीए योगेश राठी, कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर कुलकर्णी, सहकोषाध्यक्ष शैलेश वानखडे, ट्रस्टी अविनाशभाई श्रॉफ, प्रबंधक शरद अग्रवाल और सभी जुटे हैं.

* डीसीपी और एसीपी ने किया अंबादेवी मंदिर का अवलोकन, महिला सुरक्षा को प्राधान्य
सुरक्षा व्यवस्था का आज डीसीपी प्रांजलि सोनुने, एसीपी संजय खताले, कोतवाली के थानेदार रोशन शिरसाट ने अवलोकन किया. प्रवेश और निकास मार्ग के साथ ही संपूर्ण परिसर के निरीक्षण दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा भीड नियंत्रण की संभावित स्थिति का अवलोकन बारीकी से किया गया. डीसीपी प्रांजलि सोनुने ने बताया कि, महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. संपूर्ण परिसर में 24 घंटे सीसीटीवी की निगरानी रहेगी. बंदोबस्त की रुपरेखा तैयार कर ली गई है. आपात स्थिति से निपटने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि, पुलिस आयुक्त राकेश ओला आज-कल में दोनों मंदिर संस्थानों अंबा और एकवीरा देवी परिसर का दौरा कर व्यवस्था का स्वयं अवलोकन करेंगे. सुचारु एवं सुरक्षित तथा तत्पर दर्शन के साथ ही किसी भी अप्रिय घटना को रोकने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी.





