शदाणी दरबार में हवन-यज्ञ और ध्वजारोहण के साथ 66वां वर्सी महोत्सव प्रारंभ

रायपुर/दि.11 – भारतीय सनातन संस्कृति, सेवा और सद्भाव के प्रमुख केंद्र पूज्य शदाणी दरबार तीर्थ में सप्तम ज्योति शिव अवतारी संत राजाराम साहब जी का 66वां वर्सी महोत्सव मंगलवार से अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हुआ. महोत्सव का शुभारंभ नवम् ज्योति परम पूज्य संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी के सानिध्य में प्रातः 9 बजे आशादीवार साहिब के पाठ, षोडश मातृका पूजन और कलश स्थापना के साथ हुआ.
* विश्व कल्याण के लिए महायज्ञ और ध्वजारोहण
दोपहर 1 बजे पंडित रामचंद्र शास्त्री के मार्गदर्शन में ’सर्व अरिष्ट हर शांति महायज्ञ’ संपन्न हुआ. इसमें विश्व शांति और जनकल्याण की भावना के साथ 66 जोड़ों ने आहुतियां दीं. इस अवसर पर हरिद्वार से पधारे स्वामी अभिषेक चैतन्य जी, स्वामी मोहन दास जी, काशी के महामंडलेश्वर स्वामी गोविंदनंदजी और स्वामी सनत गुरुजी विशेष रूप से उपस्थित रहे. महायज्ञ के पश्चात संतों की उपस्थिति में धूमधाम से ध्वजारोहण किया गया.
* रजत जयंती वर्ष, भव्य निःशुल्क मेगा मेडिकल कैंप का उद्घाटन
मानवता की सेवा के संकल्प को दोहराते हुए इस वर्ष मेडिकल सेवाओं का रजत वर्षगांठ मनाया जा रहा है. वृंदावन से पधारे आचार्य डॉ. पुंडरीक गोस्वामी जी एवं अन्य पूज्य संतों की गरिमामय उपस्थिति में भव्य मेडिकल कैंप का उद्घाटन हुआ.
* कैंप की मुख्य विशेषताएं
यह शिविर पूर्णतः निःशुल्क है. इसमें सोनोग्राफी, एक्स-रे और सभी लैब टेस्ट मुफ्त किए जा रहे हैं. देश के ख्याति प्राप्त कैंसर विशेषज्ञ, न्यूरो सर्जन, हृदय रोग, अस्थि रोग, स्त्री रोग और चर्म रोग विशेषज्ञ अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
* धर्म ग्रंथों के पाठ से महोत्सव का विधिवत आगाज़
रात्रि 8 बजे दीप प्रज्वलन और पवित्र धर्म ग्रंथों के पाठ के साथ महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन हुआ. इस दौरान पूरा दरबार साहिब संतों के आशीर्वाद और ’जय शदाणी’ के जयघोष से गुंजायमान रहा. संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने कहा कि यह दरबार पिछले 317 वर्षों से मानवता की सेवा की अखंड ज्योति जलाए हुए है और संत राजाराम साहब जी के पदचिन्हों पर चलते हुए सेवा के नए आयाम स्थापित कर रहा है.





