552 प्रशासकों के लिए विस्तार अधिकारियों का अभाव

7 से 17 फरवरी दौरान समाप्त होगा कार्यकाल

* प्रशासक नियुक्त करने जिप पंचायत विभाग ने शुरु कर दी तैयारी
अमरावती/दि.3 -जिले की करीब 552 ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 7 से 17 फरवरी दौरान समाप्त होने वाला है. वहां प्रशासन की नियुक्ति के निर्देश ग्रामविकास विभाग के अपर सचिव ने 23 जनवरी को दिए. हकीकत में सभी 14 पंचायत समितियों में विस्तार अधिकारियों का अभाव है. ऐसी स्थिति में मार्च एंडिंग में कामों का बोझ बढने पर प्रशासक किसे बनाएं? यह समस्या प्रशासन के समक्ष निर्माण हो गई है.
जिले की 552 ग्राम पंचायतों पर प्रशासक नियुक्त करने के लिए जिला परिषद के पंचायत विभाग ने तैयारी शुरु की है. इसके तहत सभी 14 पंचायत समिति के गटविकास अधिकारियों से जानकारी मांगी गई है, ऐसा अधिकारियों ने बताया. इन सभी ग्राम पंचायतों का कार्यकाल फरवरी माह में खत्म होेनेवाला है. इसलिए प्रशासक नियुक्ति के लिए पंचायत विभाग ने तैयारी शुरु कर दी है. ग्राम पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर लेने के लिए राज्य चुनाव आयोग द्वारा फिलहाल कोई मार्गदर्शक सूचनाएं प्राप्त नहीं हुई है. चार माह से पूर्व तैयारी भी नहीं हुई. इसलिए ग्राम पंचायतों के चुनाव देरी से होने की संभावना को देखते हुए प्रशासक नियुक्ति के लिए प्रशासन की पूर्व तैयारी शुरु हुई है.

मार्च एंडिंग के काम और प्रशासक राज
इस बार वित्त वर्ष के काम 31 मार्च से पहले संबंधित विस्तार अधिकारियों को निपटाने होंगे. उसी समय प्रशासक के रूप में नियुक्त रहने वाले दो से तीन ग्राम पंचायतों के कामकाज का निपटारा भी इन अधिकारियों को करना होगा. इसलिए इन प्रशासकीय अधिकारियों को परेशानी होने के साथ ही उनके समक्ष दिक्कतें आने की संभावना है.

जिले में 7 से 17 फरवरी दौरान 552 ग्राम पंचायतों को कार्यकाल समाप्त हो रहा है. इसलिए इन स्थानों पर प्रशासक की नियुक्ति करने का पत्र और सूचना जिला परिषद के पंचायत विभाग को दिया गया है.
-ज्ञानेश घ्यार, उपजिलाधिकारी,
चुनाव.

Back to top button