किरीट सोमैया के साथ मनपा में कोई बैठक हुई ही नहीं

आरटीआई के तहत मनपा का चौंकाने वाला जवाब

* बैठक के फेसबुक पर मौजूद फोटो से बढ़ा विवाद
* मनपा प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल
अमरावती/दि.3– कुछ समय पहले अमरावती महानगर पालिका में भाजपा नेता व पूर्व सांसद किरीट सोमैया द्वारा फर्जी जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों वाले मामले को लेकर बैठक की गई थी. भाजपा नेता किरीट सोमय्या की मौजूदगी वाली इस बैठक के फोटो जहां मनपा के आधिकारिक फेसबुक पेज पर साझा किए गए थे, वहीं सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत मांगी गई जानकारी में मनपा ने ऐसी किसी बैठक के आयोजन से ही इनकार कर दिया है. इस विरोधाभासी स्थिति ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए पुणे निवासी सूचना अधिकार कार्यकर्ता डॉ. विश्वंभर चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि, अमरावती मनपा के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक बैठक के फोटो साझा किए गए थे, जिनमें किरीट सोमय्या और महापालिका आयुक्त की उपस्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है. जिसके बाद उन्होंने सूचना के अधिकार अधिनियम 2005 के तहत इस बैठक से संबंधित जानकारी मांगी. जिसके जवाब में मनपा के जनसूचना अधिकारी ने जवाब देते हुए बताया कि, उक्त बैठक का आयोजन मनपा कार्यालय द्वारा नहीं किया गया था, इसलिए उस बैठक से संबंधित जानकारी मनपा के पास उपलब्ध नहीं है.
ऐसे में मनपा के इस जवाब के बाद अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि, यदि मनपा में पूर्व सांसद किरीट सोमैया के साथ कोई बैठक आयोजित ही नहीं हुई, तो फिर मनपा के आधिकारिक फेसबुक पेज पर फोटो किस कार्यक्रम के हैं तथा उन तस्वीरों को क्यों और कैसे डाला गया. साथ ही यह भी सवाल पूछा जा रहा है कि, क्या प्रशासन तथ्य छिपाने की कोशिश कर रहा है. इस पूरे मामले को लेकर नाराजगी प्रदर्शित करते हुए सूचना अधिकार कार्यकर्ता डॉ. चौधरी का कहना रहा कि यदि बैठक नहीं हुई, तो तस्वीरों में दिख रही मौजूदगी का क्या अर्थ है. प्रशासन को इस मुद्दे पर स्पष्ट और पारदर्शी जवाब देना चाहिए.

Back to top button