भीषण सड़क हादसे में हिवरखेड के दो युवकों समेत तीन की मौत

मुलताई-छिंदवाड़ा मार्ग पर हुई भीषण दुर्घटना, हिवरखेड में मातम

मोर्शी (हिवरखेड)/दि.24- हिवरखेड क्षेत्र में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब गांव के दो होनहार युवकों की एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा मुलताई-छिंदवाड़ा हाईवे पर घाटपिपरी के पास हुआ, जहां बोलेरो पिकअप और आयशर ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में कुल तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में प्रज्वल ज्ञानेश्वरराव चावके (22) और भूषण मधुकरराव तडस (29) व आयशर ट्रक चालक का समावेश हैं
जानकारी के मुताबिक हिवरखेड निवासी युवक बोलेरो पिकअप एमएच 27- बीएफ 7257 से मुलताई होते हुए छिंदवाड़ा की ओर जा रहे थे. घाटपिपरी से करीब 2 किलोमीटर पहले सामने से आ रहे तेज रफ्तार आयसर ट्रक युपी 96- टी 7127 ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का पूरी तरह चकनाचूर हो गया.
इस दर्दनाक हादसे में बोलेरो सवार प्रज्वल ज्ञानेश्वरराव चावके (22) और भूषण मधुकरराव तडस (29) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं आयशर ट्रक चालक की भी इस हादसे में जान चली गई. हादसे में ट्रक का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल बैतूल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया. इस हादसे से पूरे हिवरखेड क्षेत्र में शोक का माहौल है. कम उम्र में दो युवकों की असमय मौत से गांव में हर कोई स्तब्ध है और मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

Back to top button